Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल पंचायत चुनाव में बड़ी लापरवाही, आयोग ने 8 कर्मचारियों के खिलाफ करवाई FIR दर्ज; सभी ड्यूटी से हटाए

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 19 May 2026 01:58 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कुनिहार में पंचायत चुनाव के दौरान दो मतपत्र गायब होने का गंभीर मामला सामने आया है। आठ कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज क ...और पढ़ें

    हिमाचल पंचायत चुनाव में लापरवाही पर 8 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। प्रतीकात्मक फोटो

    हिमाचल पंचायत चुनाव में लापरवाही पर 8 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. कुनिहार में पंचायत चुनाव के दो मतपत्र गायब।

    2. आठ कर्मचारियों पर एफआईआर, ड्यूटी से हटाया गया।

    3. खनलग ग्राम पंचायत के वार्ड-4 से संबंधित मामला।

    संवाद सहयोगी, कुनिहार (सोलन)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दौरान जिला सोलन विकास खंड कुनिहार में बड़ी लापरवाही सामने आई है। बैलेट पेपर लेखन कार्य के बीच दो पेपर गायब होने का मामला सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बैलेट पेपर लेखन कार्य में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर दर्ज करवाई है। 

    इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं। साथ ही सभी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है।

    दो मतपत्र थे गायब

    जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खनलग के वार्ड नंबर-4 के लिए जारी किए गए दो बैलेट पेपर जांच के दौरान गायब पाए गए। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी पंचायत कुनिहार तन्मय कंवर द्वारा पुलिस को भेजी शिकायत में बताया गया है कि उक्त पंचायत के लिए बैलेट पेपर क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक जारी किए गए थे। जांच के दौरान इनमें से क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र नहीं मिले।

    कुनिहार में चल रहा था बैलेट पेपर लेखन कार्य

    बताया जा रहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के तहत पंचायत चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए विकास खंड स्तर पर विशेष समिति गठित की गई थी। 16 मई से विकास खंड मुख्यालय कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य आरंभ किया गया था। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों तथा कर्मचारियों को बैलेट पेपर वितरण और लेखन कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 

    प्रशासन ने तुरंत एफआईआर का लिया निर्णय

    प्रशासन के अनुसार बैलेट पेपर आवंटन टीम ने संबंधित एआरओ को जारी किए गए बैलेट पेपरों की जांच के दौरान दो मतपत्र कम पाए। मामले की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने का निर्णय लिया। 

    खबरें और भी

    ड्यूटी से हटाकर मूल विभाग में भेजे कर्मी

    मामला सामने आते ही चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आठ कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि एफआईआर की प्रति प्राप्त होने के बाद सभी कर्मचारियों के चुनाव ड्यूटी आदेश रद कर दिए गए हैं तथा उन्हें उनके मूल विभागों में वापस भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं।

    वहीं ग्राम पंचायत खनलग के लिए नए एआरओ की नियुक्ति भी कर दी गई है, ताकि चुनाव प्रक्रिया प्रभावित न हो। 

    दस्तावेज और रिकॉर्ड पुलिस को सौंपे

    खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर गुम होना अत्यंत गंभीर मामला है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड पुलिस को सौंपे जा रहे हैं।

    क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

    डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि बैलेट पेपर गुम होने की शिकायत पर पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल निकाय चुनाव: दिग्गज मंत्रियों के गढ़ में कैसे हार गई कांग्रेस, पार्टी की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी जानेगी वजह

    यह भी पढ़ें: हिमाचल पंचायत चुनाव: जिला परिषद के सात वार्डों में निर्वाचन आयोग ने बैलेट पेपर रद किए, दोबारा छापने का निर्णय