हिमाचल के दो सरकारी विभाग हुए आमने-सामने, पानी के रिसाव से सड़क क्षतिग्रस्त हुई तो लगाया 15 लाख रुपये जुर्माना
लोक निर्माण विभाग ने बद्दी-बरोटीवाला सड़क पर जल शक्ति विभाग की पाइपलाइन से हुए नुकसान के लिए ₹15 लाख का नोटिस भेजा है। रिसाव के कारण सड़क की परत उखड़ ...और पढ़ें

बद्दी में सड़क पर जमा हुआ पानी। जागरण
HighLights
पीडब्ल्यूडी ने जल शक्ति विभाग को नोटिस जारी किया।
पाइपलाइन रिसाव से सड़क को 15 लाख का नुकसान।
बद्दी-बरोटीवाला सड़क पर गड्ढे, आवागमन प्रभावित।
जागरण संवाददाता, बीबीएन। हिमाचल प्रदेश सरकार के दो विभाग आमने-सामने आ गए। बद्दी-बरोटीवाला सड़क को जल शक्ति विभाग की पाइपलाइन में जगह-जगह रिसाव से पहुंचे नुकसान पर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। लोक निर्माण विभाग ने जल शक्ति विभाग को नोटिस जारी कर करीब 15 लाख रुपये के डैमेज की मांग की है।
विभाग का कहना है कि पाइपलाइन में रिसाव के कारण सड़क पर लगातार पानी बहने से परत उखड़ गई है और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ है, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पानी के कारण कमजोर हो रही सड़कें
कई स्थानों पर पानी जमा होने से सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। औद्योगिक शहर बद्दी में पहले ही भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, ऐसे में पानी के कारण कमजोर हुई सड़कें जल्द टूट रही हैं।
क्या कहते हैं पीडब्ल्यूडी अधिकारी
लोक निर्माण विभाग बद्दी के एसडीओ मनीष ठाकुर ने बताया कि जल शक्ति विभाग को समय-समय पर नोटिस जारी किए जाते हैं और नियमों के तहत जुर्माना भी लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मामले में करीब 15 लाख रुपये के डैमेज की मांग की गई है। यदि तय समय में यह राशि जमा नहीं करवाई जाती है तो विभाग दोबारा नोटिस जारी करेगा और मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में भी लाया जाएगा।
अन्य क्षेत्रों में भी किया जाएगा सर्वे
शहर के अन्य क्षेत्रों में भी सर्वे किया जा रहा है और जहां कहीं भी सरकारी या गैर सरकारी संस्थानों, उद्योगों, दुकानों या शोरूमों से पानी की निकासी सड़क पर पाई गई, वहां नियमानुसार कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जाएगा।
बद्दी शहर में कई उद्योगों, दुकानों और शोरूमों द्वारा सफाई या अन्य कार्यों के नाम पर सड़क पर पानी बहाया जा रहा है, जिससे सड़कों को भारी नुकसान हो रहा है। लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभाग भी ऐसे मामलों को चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे ताकि भविष्य में सड़कें खराब होने से रोकी जा सकें।
खबरें और भी
क्या कहते हैं जलशक्ति विभाग के अधिकारी
जल शक्ति विभाग बद्दी के अधिशासी अभियंता राहुल अबरोल ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से उन्हें नोटिस प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि उन सभी स्थानों की जांच की जाएगी जहां जल शक्ति विभाग की सीवरेज या पानी की पाइपलाइनों से सड़क को नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सीवरेज लाइन बिछाने वाले संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द लाइनों को दुरुस्त करे, ताकि आगे किसी प्रकार का नुकसान न हो।