आत्महत्या की साजिश रचकर पंजाब में पुराने मित्र के पास पहुंच गई सोलन की महिला, बच्चों संग मायके छोड़कर गया था पति
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की एक महिला ने आत्महत्या का नाटक रचकर अपने पांच बच्चों और पति को छोड़कर पंजाब में एक पुराने मित्र के पास चली गई। ...और पढ़ें

आत्महत्या का ड्रामा कर महिला सोलन से पुराने मित्र के पास पहुंच गई। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
सोलन की महिला ने आत्महत्या का नाटक रचा।
पांच बच्चों और पति को छोड़कर पंजाब गई।
पुलिस ने मोबाइल ट्रैकिंग से रूपनगर में ढूंढा।
जागरण संवाददाता, बीबीएन (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से एक महिला आत्महत्या की साजिश रचकर 5 बच्चों व पति को छोड़कर पुराने मित्र के पास चली गई। लेकिन पुलिस ने पूरे मामले का पटाक्षेप करते हुए मलकूमाजरा निवासी 35 वर्षीय महिला को पंजाब के रूपनगर में एक घर से बरामद कर लिया। पुलिस ने महिला को परिवार को सौंप दिया है। पुलिस ने मोबाइल ट्रैकिंग प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की मदद से महिला का पता लगाया।
मां को भेजा था ऑडियो मैसेज
चार दिन पहले महिला ने मां को पंजाब के घनौली में नहर में कूदने का मोबाइल फोन पर ऑडियो भेजा था और नहर किनारे कपड़े फेंक दिए। महिला के ऑडियो के बाद उसके भाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। परिवार व पुलिस ने चार दिन तक नहर में उसकी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा।
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल ट्रैक किया, जो पंजाब के रूपनगर में मिला। इसके बाद पूरे मामले से पर्दा उठता गया।
इसलिए रचा आत्महत्या का नाटक
महिला की शादी 12 वर्ष पहले नालागढ़ के राजपुरा में हुई थी और उसके पांच बच्चे हैं। एक सप्ताह पहले उसका पति उसे मायके छोड़कर गया था। इसी दौरान पुराने परिचित ने उसे पंजाब बुला लिया। पंजाब जाने के लिए महिला के पास कोई बहाना नहीं था, जिसके चलते उसने यह नाटक रचा। लेकिन पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने महिला के मिलने की पुष्टि की है।