हिमाचल के किसानों के लिए राहत: 1600 मीट्रिक टन यूरिया की खेप पहुंची, ऊना समेत 5 जिलों में होगा वितरण
हिमाचल प्रदेश के किसानों को खरीफ सीजन के लिए 1600 मीट्रिक टन यूरिया की बड़ी खेप मिली है। यह खाद चंडीगढ़ और होशियारपुर रेलवे स्टेशनों पर पहुंची है और अ ...और पढ़ें

हिमाचल के किसानों के लिए यूरिया खाद पहुंच गई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
1600 मीट्रिक टन यूरिया की खेप हिमाचल पहुंची।
खरीफ सीजन के लिए किसानों को मिलेगी समय पर खाद।
ऊना, कांगड़ा सहित कई जिलों में होगा वितरण।
जागरण संवाददाता, ऊना। हिमाचल प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। खरीफ सीजन के दौरान बढ़ती मांग के बीच हिमाचल प्रदेश को 1600 मीट्रिक टन यूरिया खाद की बड़ी खेप प्राप्त हो गई है। भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफ्को) के माध्यम से भेजी गई यह खेप बीती रात चंडीगढ़ और होशियारपुर रेलवे स्टेशनों पर पहुंची, जिसके बाद इसके वितरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मंगलवार तक इस खाद को विभिन्न जिलों के केंद्रों तक पहुंचा दिया जाएगा, जिससे किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेगा।
किसानों का इंतजार पूरा
प्रदेश के लिए यूरिया की दो रेल रैक प्रस्तावित थीं। इनमें से एक रैक पहले ही पहुंच चुकी थी, जबकि दूसरी रैक भी अब प्राप्त हो गई है। लंबे समय से किसान इस खेप का इंतजार कर रहे थे, क्योंकि बरसात के आगमन के साथ ही खेतों में कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं।
धान, मक्का और अन्य खरीफ फसलों की बुआई का कार्य तेजी से चल रहा है और किसानों को फसलों की अच्छी वृद्धि के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया की आवश्यकता है।
32 हजार बैग यूरिया
नई खेप में करीब साढ़े 32 हजार बैग यूरिया शामिल हैं। इसका आवंटन मांग के अनुरूप विभिन्न जिलों के लिए कर दिया गया है। सबसे अधिक 550 मीट्रिक टन यूरिया जिला ऊना को उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा कांगड़ा को 450 मीट्रिक टन, हमीरपुर को 250 मीट्रिक टन, मंडी और लाहुल क्षेत्र के लिए करीब 250 मीट्रिक टन तथा बिलासपुर को 150 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की गई है। लाहुल-स्पीति सहित अन्य क्षेत्रों को भी आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी। इफ्को और सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक यूरिया पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
अधिकारियों का कहना है कि खाद की उपलब्धता से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और समय पर उर्वरक मिलने से फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार खरीफ सीजन में यूरिया की समय पर उपलब्धता फसलों के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है।
खबरें और भी
हजारों किसानों के लिए राहत : पवन
इफको के सहायक फील्ड मैनेजर पवन कुमार ने बताया कि यूरिया की खेप ट्रेन के माध्यम से चंडीगढ़ और होशियारपुर रेलवे स्टेशनों पर प्राप्त हुई है। मांग के अनुसार इसका आवंटन विभिन्न केंद्रों को किया जा रहा है। इफको किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास कर रहा है। नई खेप के पहुंचने से प्रदेश के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।