हिमाचल के डिप्टी CM के निर्देश पर जलशक्ति विभाग का जेई सस्पेंड, दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर जलशक्ति विभाग ऊना ने बड़ी कार्रवाई की है। भुगतान में देरी के आरोप में एक जेई को निलंबित और दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटि ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निाहोत्री। जागरण आर्काइव
HighLights
उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर जलशक्ति विभाग की कार्रवाई।
ऊना में जेई निलंबित, दो अधिकारियों को नोटिस जारी।
बीआरसी भुगतान में देरी पर हुई यह कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, ऊना। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्देश के बाद जिला ऊना जलशक्ति विभाग की ओर से तीन प्रमुख अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विभाग ने जेई ऊना डिवीजन-वन को सस्पेंड किया है तो एसडीओ शेरू राम चौहान व विभागीय अधीक्षक कुलदीप सिंह मान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मामले में अधिकारियों पर आरोप है कि बीआरसी एवं कर्मियों के भुगतान को जारी करने में देरी बरती गई। इसी लापरवाही के कारण तीनों अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। यहां मामले में यह कार्रवाई जलशक्ति विभाग शिमला मुख्यालय से इन अधिकारियों को शो कॉज नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसमें जल शक्ति विभाग शिमला मुख्यालय से पहले जेई को नोटिस जारी हुआ। नोटिस में ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर्स (बीआरसी) के भुगतान में अनावश्यक देरी का जिक्र किया गया। जबकि इसके लिए आवश्यक धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी थी।
राशि देने के बावजूद नहीं किया कर्मियों को भुगतान
लगभग 1.10 करोड़ रुपये की राशि बीआरसी के भुगतान के लिए स्वीकृत की गई थी, जिसमें से 8.40 लाख रुपये विशेष रूप से डब्ल्यूएसएम (जल जीवन मिशन) स्टाफ के वेतन/मानदेय के लिए संबंधित खाते में जमा भी करवाए गए थे। इसके बावजूद भुगतान जारी न करने को विभाग ने गंभीर लापरवाही और कर्तव्य में ढिलाई माना है। इस देरी के कारण न केवल संबंधित कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ी, बल्कि विभागीय कार्य भी प्रभावित हुआ है।
डिप्टी सीएम ने लिया संज्ञान
मामले को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री स्तर पर भी गंभीरता से लिया गया है। साथ ही विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित भुगतान तुरंत जारी किए जाएं और इस संबंध में 10 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
अधीक्षण अभियंता ने लिया एक्शन
जलशक्ति विभाग ऊना के अधीक्षण अभियंता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जेई रवि कुमार को सस्पेंड किया है, साथ ही दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान ने बताया कि विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई है और आगे भी जांच के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विभागीय तौर पर भी एक जांच कमेटी का गठन कर इस दिशा में तथ्यों का पता लगाया जाएगा।