हिमाचल प्रदेश के इस सरकारी स्कूल में एडमिशन लेने के लिए लग गई लाइनें, एक ही दिन में 128 छात्रों ने लिया दाखिला
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनारी में एक ही दिन में 128 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। स्कूल की बेहतर शैक्षण ...और पढ़ें

ऊना के घनारी स्कूल में वीरवार को दाखिला लेने के लिए पहुंचे विद्यार्थी व उनके अभिभावक।
HighLights
एक दिन में 128 विद्यार्थियों ने घनारी स्कूल में दाखिला लिया।
बेहतर शिक्षा, अनुशासन और आधुनिक सुविधाएं छात्रों को आकर्षित कर रही हैं।
अटल टिंकरिंग लैब जैसी गतिविधियां सर्वांगीण विकास में सहायक।
संवाद सहयोगी, गगरेट ऊना। हिमाचल प्रदेश में जिला के एक सरकारी स्कूल में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों की लाइन लग गई। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनारी में वीरवार को 128 विद्यार्थियों ने एक ही दिन में दाखिला लेकर स्कूल की गरिमा पर मुहर लगा दी। क्षेत्र के निजी स्कूलों को कड़ी टक्कर दे रहे इस संस्थान की बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और आधुनिक सुविधाएं एवं नाममात्र फीस विद्यार्थियों को लगातार आकर्षित कर रही है।
यह स्कूल हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त है और यहां 600 के करीब विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
मेरिट में स्थान बनाता है विद्यालय
विद्यालय के छात्र न केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों व नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। मेरिट सूची में लगातार स्थान बनाना और नामी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश पाना इस विद्यालय की बड़ी उपलब्धि बन चुका है।
अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक लैब, साइंस गतिविधियां, एनएसएस व स्काउट्स-गाइड्स जैसी विभिन्न गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
29 विद्यार्थी पा चुके पुरस्कार
प्रदेश सरकार द्वारा भी विद्यालय के 29 मेधावी विद्यार्थियों को 4.80 लाख रुपये के ई-वाउचर प्रदान किए जा चुके हैं, जिससे विद्यार्थियों का मनोबल और बढ़ा है।
क्या कहते हैं प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य ललित मोहन ने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन और आधुनिक संसाधनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि निजी स्कूलों के विद्यार्थी भी यहां दाखिला ले रहे हैं और 15 से 20 किलोमीटर दूर-दराज क्षेत्रों से भी छात्र इस विद्यालय में पढ़ने के लिए पहुंच रहे हैं, जो कि स्कूल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अभिवावकों से आग्रह किया है कि 15 अप्रैल से पहले अपने बच्चों को स्कूल में दाखिल करवा दें क्योंकि 16 अप्रैल से स्कूल में नियमित पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी।