वंदे भारत, हिमाचल एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेन देरी से पहुंची ऊना, अंबाला पैसेंजर निरस्त; रेल यात्री हुए परेशान
हिमाचल प्रदेश में रेल यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं, जहां कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। दौलतपुर चौक-अंबाला छावनी पैसेंजर ट्रे ...और पढ़ें

वंदे भारत सहित सभी ट्रेन देरी से हिमाचल के ऊना स्टेशन पहुंची। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
वंदे भारत, हिमाचल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं।
दौलतपुर चौक-अंबाला पैसेंजर ट्रेन 31 अगस्त तक निरस्त।
चंडीगढ़-खरड़-न्यू मोरिंडा रेलखंड पर पटरी मरम्मत कार्य जारी।
संवाद सूत्र, रक्कड़ (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के रेल यात्रियों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर रविवार को वंदे भारत एक्सप्रेस, हिमाचल एक्सप्रेस सहित कई रेलगाड़ियां निर्धारित समय से देरी से ऊना और आसपास के स्टेशनों पर पहुंचीं, वहीं दूसरी ओर दौलतपुर चौक-अंबाला छावनी (वाया चंडीगढ़) पैसेंजर ट्रेन को एक बार फिर 31 अगस्त तक निरस्त कर दिया गया है। इससे क्षेत्र के यात्रियों में भारी नाराजगी है।
नई दिल्ली से अंब अंदौरा आने वाली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ऊना स्टेशन पर 45 मिनट देरी से पहुंची, जबकि अंब-अंदौरा अपने निर्धारित समय से 30 मिनट विलंब से पहुंची।
हिमाचल एक्सप्रेस भी लेट
दिल्ली जंक्शन से चलकर सरहिंद, अंब अंदौरा के रास्ते करतोली जाने वाली हिमाचल एक्सप्रेस भी ऊना में 18 मिनट, अंब अंदौरा में 15 मिनट तथा दौलतपुर चौक में 20 मिनट देरी से पहुंची।
दौलतपुर चौक एक्सप्रेस 45 मिनट लेट
गांधीनगर कैपिटल-दौलतपुर चौक एक्सप्रेस ऊना और अंब अंदौरा में 45 मिनट तथा अपने अंतिम स्टेशन दौलतपुर चौक पर 30 मिनट विलंब से पहुंची। हरिद्वार-अंब अंदौरा पैसेंजर ऊना में 35 मिनट और रायपुर हरियाणा-अंब अंदौरा पैसेंजर ऊना में 40 मिनट, चुरूडू टकारला में 45 मिनट तथा अंब अंदौरा में 28 मिनट की देरी से पहुंची। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
दौलतपुर चौक-अंबाला ट्रेन फिर निरस्त
इसी बीच रेलवे ने दौलतपुर चौक-अंबाला छावनी पैसेंजर ट्रेन को 31 अगस्त तक फिर से निरस्त करने की घोषणा की है। बीते मई से बंद यह ट्रेन एक अगस्त को बहाल हुई थी, लेकिन केवल एक दिन संचालन के बाद दोबारा रद कर दी गई।
मरम्मत कार्य के कारण लिया फैसला
रेलवे अधिकारियों के अनुसार चंडीगढ़-खरड़-न्यू मोरिंडा रेलखंड पर पटरी मरम्मत कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है।
रेल बहाल की जाए
रेल यात्री रिया, अंजली, मुकेश और वंदना सहित अन्य ने रेलवे के इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ट्रेन के निरस्त होने से ट्राई सिटी चंडीगढ़, पीजीआई और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि मरम्मत कार्य के दौरान भी इस ट्रेन का संचालन कम से कम दौलतपुर चौक से चंडीगढ़ तक जारी रखा जाए, ताकि हजारों यात्रियों को राहत मिल सके।