यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Pradesh Weather: गर्मी के प्रचंड रूप से लोग बेहाल, पहाड़ों पर बढ़ी पर्यटकों की तादाद; मौसम विभाग ने कही ये बात
Himachal Pradesh Weather हिमाचल प्रदेश में गर्मी के कारण लोग परेशान नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि लोग पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं मौसम विभाग ने ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, ऊना। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है। पहले अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई थी और अब न्यूनतम तापमान में भी उछाल आने लगा है। लगातार दूसरे दिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस था और न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस था।
दिनभर तेज धूप निकलने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। भीषण गर्मी से न केवल लोगों बल्कि पशु-पक्षियों का भी बुरा हाल है। भीषण गर्मी के कारण एयर कंडीशनर भी जवाब देते नजर आ रहे हैं। दोपहर के समय स्कूल से घर आने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानी हो रही है। धूप से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक मुंह पर रुमाल बांधकर जा रहे हैं। कई राहगीरों को पेड़ों की छाया में बैठे देखा गया। गर्मी का असर बाजारों में भी देखा जा रहा है।
दोपहर होते ही बाजार सुनसान हो जाते हैं। जिला मुख्यालय पर जूस विक्रेता मोहन लाल, कमल कुमार, राजू व देवराज सहित अन्य दुकानदारों ने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ ही जूस व शीतल पेय पदार्थ की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के जिला समन्वयक विनोद शर्मा का कहना है कि ऊना में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अभी कुछ दिन और उछाल आने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: Himachal News: 'चार जून से नजर नहीं आएंगी मुंबई की मोहतरमा...', विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत पर कसा तंज
मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से छुटकारा पाने के लिए बाहरी राज्यों के सैलानियों ने अब पहाड़ों का रुख करना शुरू कर दिया है। मैदानी इलाकों में इन दिनों अधिकतम तापमान 45 से 50 डिग्री तक पहुंच गया है। लोग पहाड़ों की ठंडी हवा का आनंद लेने के लिए शिमला पहुंच रहे हैं। सप्ताहांत पर राजधानी शिमला के रिज व मालरोड पर सैलानियों की खूब चहल-पहल रही। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान से भारी संख्या में सैलानी शिमला आ रहे हैं।
खबरें और भी
पर्यटन कारोबार को मिली संजीवनी
सैलानी बढ़ने से शिमला के पर्यटन कारोबार को फिर संजीवनी मिली है। राजधानी शिमला में इस सप्ताहांत पर भी होटलों में आक्यूपेंसी 60 से 70 प्रतिशत तक है। शहर को होटल कारोबारी सुमित वर्मा, रोहन ठाकुर और विजय चौहान का कहना है कि होटलों में अब एडवांस बुकिंग भी बढ़ने लगी है। लोग एक सप्ताह पहले ही शिमला आने के लिए बुकिंग करवा रहे हैं।
टूरिज्म स्टेक इंडस्ट्री होल्डर्स ने एसपी शिमला संजीव गांधी को पत्र लिखा है। उन्होंने एसपी शिमला से आग्रह किया है कि पर्यटन सीजन अब शहर में रफ्तार पकड़ने लगा है। कारोबारियों के पास मंदी से निकलने का यही मौका है। ऐसे में शहर में जाम के कारण शहर में आने वाले सैलानियों को दिक्कतें न आए, इसके लिए उचित योजना तैयार की जाए।
कुफरी-नारकंड़ा में भी बढ़े सैलानी
राजधानी शिमला के अलावा ऊपरी शिमला के पर्यटनस्थलों में भी सैलानियों की अच्छी भीड़ है। शिमला के कुफरी, नारकंडा, नालदेहरा और फागू में काफी संख्या में सैलानी पहुंच रहे है। इससे टैक्सी मालिकों, ढाबा मालिकों, फोटोग्राफर, घोडा़ और याक चालकों के चेहरे खिल उठे हैं।