विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल त्रासदी में हिमाचल का सुखविंदर लापता, ढूंढने के लिए काठमांडु पहुंचे भाई

Published: Sat, 29 Aug 2026 07:49 AM (IST)

ऊना जिले के मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी सुखविंदर रत्न नेपाल त्रासदी में लापता हो गए हैं, जहां वे त्रिशुली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में इंजीनियर थे।

32 वर्षीय सुखविंदर रत्न फाइल फोटो

32 वर्षीय सुखविंदर रत्न फाइल फोटो

HighLights

  1. ऊना के सुखविंदर रत्न नेपाल त्रासदी में लापता

  2. भाई वीरेंद्र और शुभम तलाश में काठमांडू पहुंचे

  3. ऊना प्रशासन नेपाल सरकार से संपर्क साध रहा

जागरण संवाददाता, ऊना। नेपाल त्रासदी में ऊना जिले के मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी 32 वर्षीय सुखविंदर रत्न

लापता है। सुखविंदर नेपाल के त्रिशुली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-वन में बतौर इंजीनियर कार्यरत है। स्वजन ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद स्वजन ने कंपनी प्रबंधन से संपर्क किया तो बताया गया कि वह लापता है।

स्वजन का आरोप है कि ऊना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व प्रशासन से मदद की गुहार लगाने पर भी अभी तक सुखविंदर के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई गई। सुखविंदर का भाई वीरेंद्र रत्न व चचेरा भाई शुभम उसे ढूंढने के लिए नेपाल के काठमांडू पहुंच गए हैं।

दुबई से लौटा वीरेंद्र रत्न

नेपाल में बुधवार को आई प्रलयकारी बाढ़ और उसके बाद बने आपदा के हालात के बीच नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के वार्ड नंबर आठ निवासी सुखविंदर रत्न पुत्र हुसन लाल का परिवार से संपर्क टूट गया। भाई के लापता होने की सूचना पाकर वीरेंद्र रत्न दुबई से लौटा। उसने दिल्ली से होते हुए शुक्रवार सुबह शुभम के साथ दिल्ली से काठमांडू की फ्लाइट ली।

दोनों सीधे प्रभावित इलाकों में जाने के बजाय वहां सेना और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सुखविंदर के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। शुभम ने ऊना जिला प्रशासन व सरकार से भी इस मामले में हरसंभव सहयोग और नेपाल प्रशासन से समन्वय कर सुखविंदर का पता लगाने की मांग की है। स्वजन के अनुसार सुखविंदर से 25 अगस्त को आखिरी बार उससे बात हुई थी। वह छुट्टी के बाद 15 अगस्त को वापस गया था।

नेपाल में डेढ़ साल से काम कर रहा था

वह नेपाल में डेढ़ वर्ष कार्य कर चुका था, जबकि सात माह तक भूटान और फिर इसी कंपनी में चार माह पहले नेपाल पहुंचा था। उसका डेढ़ साल का बेटा है। नेपाल में पूरे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को सेना ने अपने अधिकृत कर रखा है। ऐसे में वीरेंद्र ने नेपाल आर्मी को सुखविंदर के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई है। फिलहाल दोनों भाई और गांववासी सुखविंदर के सकुशल होने की कामना कर रहे हैं।

बसदेहड़ा के युवक के लापता होने की सूचना प्रशासन के पास आई है। संबंधित थाना एवं प्रशासनिक स्तर पर गृह मंत्रालय से इस सूचना को साझा किया है। प्रशासन केंद्र के माध्यम से नेपाल सरकार से संपर्क में है। 
-इशांत जसवाल, एसडीसी ऊना।