विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देश के श्रेष्ठ थानों में कैसे शामिल हुआ ऊना का अंब पुलिस स्टेशन, क्या रहती है प्रक्रिया? 95 से अधिक बिंदुओं पर हुआ आकलन

By Neeraj Kumari Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 29 Nov 2025 05:12 PM (IST)

ऊना जिले का अंब पुलिस थाना देश के श्रेष्ठ थानों में शामिल हुआ है, जिसे राष्ट्रीय सर्वे में 13वां स्थान ...और पढ़ें

जिला ऊना का अम्ब पुलिस थाना परिसर। जागरण

जिला ऊना का अम्ब पुलिस थाना परिसर। जागरण

HighLights

  1. अंब थाना देश के श्रेष्ठ थानों में शामिल

  2. राष्ट्रीय सर्वे में अंब थाने को 13वां स्थान

  3. 95 बिंदुओं पर किया गया थानों का मूल्यांकन

संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के लिए गर्व का क्षण है। जिले का अंब पुलिस थाना देशभर के श्रेष्ठ थानों में शामिल हुआ है। अंब ने देशभर के हजारों थानों को पीछे छोड़ते हुए गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय सर्वे में देश के श्रेष्ठ थानों में जगह बनाई।

राष्ट्रीय सर्वे में थाना अंब को 13वां स्थान मिला है। हिमाचल में जिला ऊना का केवल अंब थाना ही इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान पाने में सफल रहा है। 

पुलिस विभाग के लिए यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब हाल के दिनों में जिला ऊना की कानून-व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में रही है। इस बीच अंब थाना का देश के श्रेष्ठ थानों में शामिल होना जिला पुलिस प्रशासन के लिए राहत से कम नहीं है।

गृह मंत्रालय हर वर्ष पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के मानकों के आधार पर देशभर के थानों का मूल्यांकन करता है। केंद्रीय टीम ने गत सितंबर में अंब थाने में व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया था। 

95 से अधिक बिंदुओं पर किया गया आकलन

95 से अधिक बिंदुओं पर किए जाने वाले इस आकलन में थानों के बुनियादी ढांचे, शिकायत निवारण प्रणाली, महिला एवं बाल सुरक्षा, डिजिटल पुलिसिंग, साफ-सफाई, रिकार्ड प्रबंधन, फरियादियों की संतुष्टि, सामुदायिक पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण जैसे मुख्य मानकों को शामिल किया जाता है। इन मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंब थाना ने राष्ट्रीय सूची में उपस्थिति दर्ज करवाई है।

यह भी पढ़ें: शिमला: खुले में शराब पी तो लगेगा भारी जुर्माना, तीन महीने तक की जेल का भी प्रविधान; उपायुक्त ने जारी किए आदेश 

बेहतर हेल्पलाइन सिस्टम और डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था 

थाना अंब को यह स्थान लंबित मामलों के त्वरित निपटान, अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता, असहाय वर्गों के लिए बेहतर हेल्पलाइन सिस्टम और डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने जैसी उपलब्धियों पर मिला है। सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रमों व आधुनिक पुलिसिंग माडल अपनाने के कारण भी इस थाने की कार्यशैली राष्ट्रीय स्तर पर सराही गई है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कल संभालेंगे पदभार, CM सहित ये नेता पहुंचे शिमला, डिप्टी सीएम का क्या रहेगा कार्यक्रम? 

राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि थाना में कार्यरत रहे प्रभारी, जांच अधिकारियों और पूरे स्टाफ की मेहनत, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनता के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में भी हमारा यही प्रयास रहेगा कि हम जनता को त्वरित और सक्षम पुलिस सेवा प्रदान करें और राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को और भी बेहतर करके दिखाएं।
-अनिल पटियाल, एसडीपीओ, अंब।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।