जम्मू-कश्मीर के खूंखार गेंदबाज ने IPL में किया डेब्यू, अपने दम पर जितवा चुका है रणजी; फाइल मैच में चटकाए थे 5 विकेट
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ डेब्यू किया। उन्होंने दो ओवर में 17 रन दिए, ...और पढ़ें

आकिब नबी का आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार डेब्यू
HighLights
आकिब नबी ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू किया
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में जम्मू-कश्मीर के लिए 60 विकेट लिए
दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था
जागरण संवाददाता, जम्मू। आखिरकार शनिवार को आईपीएल में डेब्यू करने का सपना जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी का साकार हो ही गया है। आईपीएल 2026 के सीजन से आकिब नबी ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से 21 नंबर की जर्सी पहनकर चेन्नई के चेपाक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध गेंदबाजी करने मैदान पर उतरे तो जम्मू-कश्मीर का प्रत्येक क्रिकेट प्रेमी उत्साहित हो गया।
आकिब नबी को भले ही चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध गेंदबाजी के लिए दो ओवर ही मिले। इसमें उन्होंने 17 रन देकर यह साबित कर दिया गया कि अगर उन्हें लगातार मौके मिलते रहेंगे तो जल्द ही आने वाले मुकाबले में विकेट लेकर आईपीएल में शानदार शुरुआत का नींव रख सकेंगे।
आकिब नबी ने 2025-26 के रणजी ट्राफी सीजन में जम्मू-कश्मीर को उनका पहला ऐतिहासिक खिताब दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई थी। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 12.65 की शानदार औसत से 60 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। कर्नाटक के विरुद्ध फाइनल मैच में आकिब नबी ने 54 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे।
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद आईपीएल 2026 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था। आकिब नबी कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए नेट बालर के रूप में भूमिका निभा चुके हैं। कश्मीर के बारामुला के रहने वाले आकिब नबी के पिता गुलाम नबी डार अपने परिवार संग बेटे को मैदान में खेलता हुए देख काफी खुश हुए।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि हमें पहले थोड़ी बहुत मायूसी तो हुई थी अभी तक आकिब को खेलने का मौका नहीं मिला है लेकिन अल्लाह ने आज उसे खेलने का मौका दिया। भले ही वह विकेट नहीं चटका सका लेकिन आने वाले मुकाबले में मेरा बेटा विकेट लेने में भी कामयाब रहेगा।
इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया जम्मू-कश्मीर से दिल्ली के दिल तक। आईपीएल में आकिब नबी आपका का स्वागत है। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से भी आकिब नबी को आईपीएल में डेब्यू करने की बधाई दी गई।