Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमरनाथ यात्रा पर ब्रेक! जम्मू बेस कैंप से आज कोई जत्था रवाना नहीं, 11 अगस्त तक भारी बारिश के अलर्ट ने बढ़ाई टेंशन

    By Digital Desk Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Sat, 08 Aug 2026 03:43 PM (IST)

    जम्मू से अमरनाथ यात्रा को खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के कारण अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। आज भगवती नगर बेस कैंप से कोई नया जत्था रवाना नहीं ...और पढ़ें

    अमरनाथ यात्रा पर लगा अस्थायी विराम, जम्मू से आज कोई जत्था नहीं; 11 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट। फाईल फोटो।

    अमरनाथ यात्रा पर लगा अस्थायी विराम, जम्मू से आज कोई जत्था नहीं; 11 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्टफाईल फोटो।

    HighLights

    1. खराब मौसम और भारी बारिश के कारण यात्रा स्थगित।

    2. आज जम्मू बेस कैंप से कोई नया जत्था नहीं।

    3. 11 अगस्त तक जम्मू संभाग में भारी बारिश की चेतावनी।

    डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू से बड़ी खबर-पवित्र अमरनाथ यात्रा को शनिवार से अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है। लगातार बिगड़ते मौसम, अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी और श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी को देखते हुए प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया है।

    अधिकारियों ने जानकारी दी है कि आज सुबह भगवती नगर आधार शिविर से किसी भी नए जत्थे को कश्मीर घाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। यानी जम्मू से अमरनाथ यात्रा आज के लिए पूरी तरह से स्थगित कर दी गई है।

    प्रशासन इस पूरे हालात पर बारीकी से नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का साफ कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहले है। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे, जो कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली इकलौती ऑल वेदर सड़क है, उसकी स्थिति और मौसम के मिजाज को देखकर ही आगे के जत्थों को हरी झंडी दी जाएगी। मौसम विभाग और ट्रैफिक कंट्रोल रूम से लगातार अपडेट लिया जा रहा है।

    4.75 लाख से ज्यादा भक्त कर चुके हैं दर्शन

    इस साल की यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और अब तक का आंकड़ा बेहद उत्साहजनक रहा है। समुद्र तल से 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में अब तक 4.75 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। 57 दिनों तक चलने वाली यह पवित्र यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पावन अवसर पर संपन्न होगी।

    खबरें और भी

    जम्मू संभाग में खतरा अभी टला नहीं

    स्थानीय मौसम विभाग ने एक एडवाइजरी जारी की है जिसने चिंता बढ़ा दी है। एडवाइजरी के मुताबिक 11 अगस्त तक जम्मू संभाग के कई इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा भी मंडरा रहा है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। 

    हाईवे पर फिलहाल आवाजाही जारी

    हालांकि राहत की बात यह है कि शनिवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। लेकिन पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए एहतियात बरती जा रही है।

    प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की आधिकारिक जानकारी और प्रशासन के अगले आदेश का इंतजार करें। बिना जानकारी के यात्रा शुरू न करें और बेस कैंप पर ही सुरक्षित रहें।