चिनाब किनारे वालों के लिए बड़ी चेतावनी! बगलिहार बांध के गेट खुलेंगे, अचानक बढ़ सकता है पानी; सतर्क रहें
बगलिहार बांध के गेट खुलने से चिनाब नदी में जलस्तर बढ़ेगा, प्रशासन ने लोगों को नदी से दूर रहने की ...और पढ़ें

बगलीहार बांध के गेट खोलने पर तेज वेग से बहता पानी (फाइल फोटो)
HighLights
बगलिहार बांध के गेट बुधवार सुबह 10 बजे खुलेंगे।
चिनाब नदी में जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ेगा।
लोगों को नदी किनारे जाने से बचने की अपील।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। चिनाब नदी के किनारे रहने और आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी है। बगलिहार जलविद्युत परियोजना चंद्रकोट में जलाशय की आवधिक ड्रॉडाउन सिल्ट फ्लशिंग प्रक्रिया के तहत बुधवार सुबह 10 बजे बांध के गेट खोले जाएंगे। जिससे चिनाब नदी में जलस्तर और पानी के बहाव में अचानक वृद्धि हो सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी और इसके आसपास के क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
इसे लेकर जिला प्रशासन पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुका है। जिसमें बांध से पानी छोड़े जाने के दौरान बगलिहार बांध के डाउनस्ट्रीम चिनाब में जलस्तर और प्रवाह की गति अचानक बढ़ने के प्रति चेताया गया है। नदी किनारे रहने वाले लोगों के अलावा मछुआरों, पशुपालकों और अन्य लोगों को चिनाब नदी के किनारे न जाने को कहा है।
नदी किनारे नहाने-तैरने से लेकर राफ्टिंग तक पर रोक
प्रशासन ने न केवल चिनाब नदी बल्कि उसकी सहायक नदियों किनारे लोगों विशेष रूप से बच्चों और युवाीओं के नदी में नहाने, तैरने, मछली पकड़ने, राफ्टिंग, फोटो-वीडियो बनाने या किसी अन्य गतिविधि न करने की अपील की है।
इसके साथ ही प्रशासन ने नदी के निचले इलाकों से मवेशियों, कृषि उपकरणों और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा नदी, नालों, धाराओं को में उतर कर पार न की हिदायत भी दी है। क्योंकि अचानक बढ़ने की स्थिति में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
पुलिस-एसडीआरएफ के निर्देश मानने की अपील
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने लोगों के साथ पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति या असामान्य परिस्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अथवा आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसी को सूचना दें। सावधानी बरतें, नदी से दूरी बनाए रखें और दूसरों को भी जागरूक करने व संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
