विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सड़क किनारे खड़े होंगे वाहन...', जम्मू बस स्टैंड पार्किंग का चार्ज बढ़ते ही भड़के लोग, आंदोलन की खुली चेतावनी

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:30 AM (IST)

जम्मू बस स्टैंड पार्किंग शुल्क में 60% बढ़ोतरी का राजनीतिक दलों और व्यापारिक संगठनों द्वारा चौतरफा विरोध हो रहा है। ...और पढ़ें

जम्मू में 60% तक महंगी हुई बस स्टैंड पार्किंग। (फाइल फोटो)

 जम्मू में 60% तक महंगी हुई बस स्टैंड पार्किंग (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू बस स्टैंड पार्किंग शुल्क में 60% की वृद्धि।

  2. राजनीतिक दल और व्यापारिक संगठन कर रहे हैं विरोध।

  3. शिव सेना ने शुल्क वापसी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू बस स्टैंड स्थित जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) की पार्किंग के शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर अब विरोध तेज होने लगा है। शुल्क बढ़ाने के फैसले के खिलाफ राजनीतिक दलों के साथ व्यापारिक संगठन भी लामबंद होने लगे हैं।

शिव सेना यूबीएल ने जहां आने वाले दिनों में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है, वहीं श्री रघुनाथ बाजार बिजनेस एसोसिएशन ने जेडीए से बढ़े शुल्क को कम करने की मांग की है। जम्मू चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री ने भी शुल्क बढ़ोतरी को अनुचित बताते हुए जल्द जेडीए के वाइस चेयरमैन से मुलाकात करने का फैसला किया है।

पार्किंग शुल्क बढ़ोतरी पर सरकार को घेरा

बस स्टैंड पार्किंग के बाहर शिव सेना (यूबीटी) के प्रदेश प्रधान मनीष साहनी ने कहा कि सरकार का किसी भी चीज पर नियंत्रण नहीं रह गया है और नौकरशाही हावी होती जा रही है। सरकारी विभाग अपनी मनमर्जी से फैसले ले रहे हैं। महंगाई के इस दौर में खाद्य पदार्थों सहित रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें पहले ही आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही हैं। ऐसे समय में पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधा के शुल्क में करीब 60 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करना किसी भी लिहाज से उचित नहीं है।

जम्मू शहर में पहले ही पर्याप्त पार्किंग स्थल उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में बस स्टैंड की पार्किंग के शुल्क बढ़ने से आम वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिव सेना इस मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में आंदोलन शुरू करेगी। सरकार और जेडीए को बढ़ा हुआ शुल्क तत्काल वापस लेना होगा, अन्यथा संगठन व्यापक विरोध करेगा।

जेडीए के वीसी से शुल्क कम करने की मांग

श्री रघुनाथ बाजार बिजनेस एसोसिएशन के प्रधान संजय गुप्ता ने कहा कि बस स्टैंड पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी से व्यापारियों और यहां आने वाले लोगों पर सीधा असर पड़ेगा। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के लिए पार्किंग पहले ही बड़ी समस्या बनी हुई है। ऐसे में पार्किंग शुल्क बढ़ाना समस्या का समाधान नहीं, बल्कि लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला कदम है।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की ओर से जम्मू विकास प्राधिकरण के वाइस चेयरमैन रुपेश कुमार से मुलाकात कर बढ़ाए गए शुल्क को कम करने की मांग की गई है।

जेडीए से स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि शुल्क में की गई बढ़ोतरी पर पुनर्विचार किया जाए और आम लोगों तथा व्यापारियों को राहत दी जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जेडीए इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेकर बढ़े हुए शुल्क को जल्द कम करेगा।

'सड़क किनारे पार्क होंगे वाहन'

जम्मू चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के उपप्रधान राजीव गुप्ता ने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे व्यापारियों और आम लोगों पर पार्किंग शुल्क बढ़ाकर अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है। जम्मू शहर में पार्किंग स्थलों की पहले ही भारी कमी है। यदि बस स्टैंड पार्किंग का शुल्क इसी तरह बढ़ता रहा तो बड़ी संख्या में लोग वहां वाहन खड़ा करने से बचेंगे और मजबूरी में सड़क किनारे वाहन पार्क करेंगे।

इससे शहर में यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि चैंबर पार्किंग शुल्क बढ़ाने के फैसले का विरोध करता है और जल्द ही जेडीए के वाइस चेयरमैन से मुलाकात कर अपना पक्ष रखेगा।

उन्होंने जेडीए से मांग की कि शुल्क बढ़ोतरी वापस लेकर ऐसा शुल्क निर्धारित किया जाए जो आम लोगों और व्यापारियों के लिए वहन करने योग्य हो।