यात्रीगण कृपया ध्यान दें! जम्मू तवी की ट्रेनें अब चंडीगढ़ के बजाय मोहाली रुकेंगी, रेलवे ने क्यों लिया फैसला?
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक के कारण जम्मू तवी से आने-जाने वाली कुछ ट्रेनें 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक मोहाली स्टेशन पर रुकेंगी।

जम्मू तवी की ट्रेनें अब मोहाली में रुकेंगी (फाइल फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक के कारण ट्रेनों में बदलाव।
जम्मू तवी से आने-जाने वाली ट्रेनें मोहाली स्टेशन पर अस्थायी रूप से रुकेंगी।
यह अस्थायी बदलाव 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक के चलते जम्मू तवी से टाटानगर और संबलपुर जाने वाली तथा जम्मू तवी आने वाली ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है।
निर्धारित अवधि में ये ट्रेनें चंडीगढ़ स्टेशन के बजाय साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर रुकेंगी। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के चंडीगढ़ स्टेशन पर 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक प्रस्तावित है।
इसके मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए संबंधित ट्रेनों को मोहाली स्टेशन पर अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस आठ सितंबर से 13 अक्टूबर तक साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर रुकेगी। वहीं 18101 टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस नौ सितंबर से 13 अक्टूबर तक मोहाली स्टेशन पर ठहराव करेगी।
जम्मू तवी से रवाना होने वाली 18310 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस नौ सितंबर से 13 अक्टूबर तक तथा 18102 जम्मू तवी-टाटानगर एक्सप्रेस भी निर्धारित अवधि में मोहाली स्टेशन पर अस्थायी रूप से रुकेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चंडीगढ़ स्टेशन पर ब्लाक के कारण ट्रेनों के ठहराव में यह बदलाव अस्थायी तौर पर किया गया है।
इन ट्रेनों में होगा बदला
- ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस : 8 सितंबर से 13 अक्टूबर
- ट्रेन संख्या 18101 टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस : 9 सितंबर से 13 अक्टूबर
- ट्रेन संख्या 18310 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस : 9 सितंबर से 13 अक्टूबर
- ट्रेन संख्या 18102 जम्मू तवी-टाटानगर एक्सप्रेस : 9 सितंबर से 13 अक्टूबर
