जम्मू में दरबार मूव से बढ़ेगा ट्रैफिक, पुलिस ने बनाया खास प्लान; नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
जम्मू में 2 नवंबर से दरबार मूव कार्यालयों के खुलने से शहर में यातायात का दबाव बढ़ेगा। ट्रैफिक पुलिस ने ...और पढ़ें

दरबार मूव को लेकर पुलिस ने VIP रूट और बाजारों के लिए बनाई विशेष व्यवस्था। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
2 नवंबर से जम्मू में दरबार मूव शुरू।
वीआईपी रूटों पर अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मी तैनात।
नो पार्किंग नियमों का सख्ती से होगा पालन।
जागरण संवाददाता, जम्मू। दो नवंबर से जम्मू में दरबार मूव कार्यालयों का कामकाज शुरू होने के साथ ही शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाएगा। मंत्रियों, नेताओं, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के जम्मू पहुंचने से उनके वाहनों और काफिलों की आवाजाही बढ़ेगी। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से अपने सरकारी काम करवाने जम्मू आने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ेगी। इससे शहर के प्रमुख मार्गों, सरकारी कार्यालयों के आसपास और व्यस्त बाजारों में वाहनों की संख्या में सीधा इजाफा होगा।
बढ़ने वाले इस यातायात दबाव को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। वीआइपी रूट के साथ शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजारों और अधिक यातायात वाले इलाकों में अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी। वीआइपी मूवमेंट के दौरान यातायात को नियंत्रित करने के लिए भी विशेष इंतजाम रहेंगे।
नो पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो कार्रवाई
दरबार मूव के दौरान ट्रैफिक पुलिस जम्मू शहर में नो पार्किंग नियम को सख्ती से लागू करेगी। सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।
31 अक्टूबर और एक नवंबर को भारी वाहनों पर रोक
दरबार मूव की व्यवस्थाओं के तहत 31 अक्टूबर और एक नवंबर को जम्मू से श्रीनगर की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इस दौरान सरकारी फाइलें और दरबार मूव से संबंधित सामान श्रीनगर से जम्मू लाने के लिए ट्रकों को चलाया जाएगा। वहीं, श्रीनगर से जम्मू आने वाले सेब के ट्रकों को आवाजाही की अनुमति रहेगी।
नियमों का पालन करने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। रेड लाइट जंप करने, गलत दिशा में वाहन चलाने, सड़क पर वाहन खड़ा करने और अनावश्यक रूप से यातायात बाधित करने से बचने को कहा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दरबार मूव के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।