जम्मू में डोगरा सर्टिफिकेट की मांग तेज, तवी पुल पर प्रदर्शन; पहचान और युवाओं के हक के लिए एकजुट होने की अपील
जम्मू में डोगरा सर्टिफिकेट की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने इसे डोगरा पहचान और युवाओं के भविष्य का मुद्दा बताया। ...और पढ़ें

डोगरा सर्टिफिकेट की बहाली को लेकर तवी पुल पर गरजे युवा। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
डोगरा सर्टिफिकेट पहचान और युवाओं के अधिकारों का मुद्दा।
राजनीतिक मतभेद भुलाकर डोगरा समाज को एकजुट होने का आह्वान।
सरकार से डोगरा सर्टिफिकेट मांग पर स्पष्ट रुख की अपील।
जागरण संवाददाता, जम्मू। डोगरा सर्टिफिकेट की मांग को लेकर जम्मू में आवाज बुलंद करते हुए प्रदर्शनकारियों ने इसे डोगरा समाज की पहचान और युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताया। तवी पुल पर महाराजा हरि सिंह जी की प्रतिमा के निकट आयोजित प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डोगरा समाज के अधिकारों के लिए सभी को राजनीतिक और संगठनात्मक मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना चाहिए।
प्रदर्शन के शामिल सन्नी कांत चिब ने कहा कि डोगरा समाज का इतिहास वीरता, साहस और बलिदान से भरा हुआ है। डोगरा युवाओं ने देश की सुरक्षा में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने डोगरा सर्टिफिकेट की मांग उठाते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति या संगठन की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि डोगरा पहचान से जुड़ा विषय है।
डोगरा समाज में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी शामिल
उन्होंने कहा कि डोगरा समाज में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी समुदायों के लोग शामिल हैं। इसलिए इस मुद्दे को किसी एक संगठन या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। वक्ता ने युवाओं से अपील की कि वे केवल राजनीतिक गतिविधियों और व्यक्तिगत हितों तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी ऐतिहासिक पहचान और अधिकारों के प्रति भी जागरूक हों।
पूर्व की सरकारों पर डोगरा पहचान की अनदेखी का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में डोगरा पहचान से जुड़े मुद्दों की अनदेखी हुई। उन्होंने नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस की नीतियों पर भी सवाल उठाए तथा मौजूदा सरकार से डोगरा सर्टिफिकेट की मांग पर स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की।
डोगरा युवाओं के लिए अहम क्यों है सर्टिफिकेट?
गौरतलब है कि डोगरा सर्टिफिकेट जम्मू-कश्मीर के डोगरा समुदाय की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसके समर्थकों के अनुसार, सेना में भर्ती के दौरान डोगरा युवाओं को विशेष श्रेणी के तहत कुछ निर्धारित मानकों में छूट मिलने का लाभ हो सकता है।
हालांकि, यह लाभ भर्ती के संबंधित नियमों और अधिसूचनाओं पर निर्भर करता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।