तवी वंडरलैंड में गूंजी संस्कृति की गूंज, जम्मू स्मार्ट सिटी के 'यूफोरिया' में लोक कलाओं ने बांधा समां
जम्मू स्मार्ट सिटी द्वारा तवी वंडरलैंड पार्क में 'यूफोरिया - एन इवनिंग टू सेलिब्रेट कल्चर' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

तवी वंडरलैंड पार्क में संगीत, कला और संस्कृति के रंगों से सजी यूफोरिया की शाम (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, जम्मू। भगवती नगर स्थित तवी वंडरलैंड पार्क शनिवार शाम को उस समय गुलजार हो उठा, जब जम्मू स्मार्ट सिटी की ओर से यूफोरिया–एन इवनिंग टू सेलिब्रेट कल्चर कार्यक्रम का आगाज हुआ। करीब तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिवारों, युवाओं और अन्य लोगों ने पहुंचकर लाइव प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीआइजी श्रीधर पाटिल मौजूद रहे। वहीं जम्मू नगर निगम आयुक्त एवं जम्मू स्मार्ट सिटी के सीईओ डा. देवांश यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में आम लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद संगीत और नृत्य की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम में डोगरी और पंजाबी गायकों ने अपनी प्रस्तुतियां दी जबकि पारंपरिक डोगरी और कश्मीरी नृत्यों के साथ जोशीली पंजाबी नृत्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
कार्यक्रम को इस तरह से क्रमबद्ध किया गया था कि गायन और नृत्य की प्रस्तुतियां बारी-बारी से होती रहीं, जिससे दर्शकों की रुचि पूरे समय बनी रही। एंकर ने प्रत्येक प्रस्तुति का परिचय देते हुए दर्शकों को संगीत और प्रदर्शन कला के विभिन्न रूपों से रूबरू कराया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जम्मू-कश्मीर की समृद्ध लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली। डोगरी और कश्मीरी लोक तत्वों के साथ पंजाबी संगीत और नृत्य के समावेश ने कार्यक्रम में विविधता और आकर्षण बढ़ाया।
इस अवसर पर डीआइजी जम्मू श्रीधर पाटिल ने कहा कि यूफोरिया जैसे आयोजन लोगों को एक साथ आने और सुरक्षित एवं सुखद सार्वजनिक स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से सामुदायिक भागीदारी मजबूत होती है तथा परिवारों और युवाओं को सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। डा. देवांश यादव ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य जम्मू के लोगों के लिए आकर्षक और मनोरंजक अनुभव तैयार करना है।
साथ ही स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना भी इसका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि तवी वंडरलैंड पार्क को केवल मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित नहीं किया जा रहा बल्कि इसे सांस्कृतिक, सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक जीवंत सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित किया जा रहा है।
