जम्मू-कश्मीर के अखनूर में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगी आग, तीन मंजिला इमारत जलकर खाक
अखनूर में एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग लगने से तीन मंजिला इमारत और लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग।
HighLights
अखनूर में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग लगी
तीन मंजिला इमारत और लाखों का सामान जलकर राख
ताले टूटे मिलने से आग लगने के कारणों पर सवाल
संवाद सहयोगी, अखनूर। कामेश्वर मंदिर के निकट स्थित कल्सी इलेक्ट्रिशियन एंड इलेक्ट्रानिक शाप में देर रात एक से दो बजे के बीच अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि तीन मंजिला दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
इस हादसे में दुकान में रखा इलेक्ट्रानिक और इलेक्ट्रिकल सामान भी नष्ट हो गया, जिससे दुकानदार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
दुकान के मालिक मंजय कल्सी, जो गांव गिगराल, खौड़, जम्मू के निवासी हैं, ने बताया कि उन्हें रात करीब दो बजे फोन पर सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे और शटर करीब दो फुट तक खुला हुआ था।
दुकानदार के अनुसार, दुकान के साथ स्थित एक चाय की दुकान के ताले भी टूटे हुए मिले। इस स्थिति ने आग लगने की घटना को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों का कहना है कि यदि आग अचानक लगी थी, तो दुकान के ताले टूटे हुए और शटर खुला हुआ क्यों मिला।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। अखनूर थाना प्रभारी एसएचओ सुशील चौधरी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा।
इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है, और सभी की निगाहें अब पुलिस की जांच पर टिकी हुई हैं। आग लगने के कारणों की स्पष्टता के बिना, दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
