कठुआ में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, जम्मू में सड़क पर मलबा गिरने से यातायात ठप; बनी में स्कूल बंद
कठुआ जिले में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बनी में स्कूल बंद रहे, जबकि बनी-भद्रवाह और बनी-बसोहली मार्ग मलबे ...और पढ़ें

कठुआ में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित। फोटो जागरण
HighLights
बनी क्षेत्र में सभी स्कूल एहतियातन बंद रहे।
बनी-भद्रवाह और बसोहली मार्ग मलबे से अवरुद्ध।
सिती गांव में भूस्खलन से एक मकान क्षतिग्रस्त।
जागरण टीम, कठुआ/बसोहली/बनी/बिलावर। कठुआ जिले में लगातार दूसरे दिन भी बारिश और तेज हवा से जनजीवन प्रभावित रहा। बनी क्षेत्र में सभी स्कूल बंद रहे। बनी-भद्रवाह मार्ग पर पेड़ और मलबा गिरने के कारण यातायात ठप हो गया।
इसी तरह से बनी-बसोहली मार्ग भी मलबा गिरने से प्रभावित रहा। मौसम में बदलाव से तापमान में भी गिरावट आई है। रविवार को भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सड़क को साफ करने के लिए युद्ध स्तर पर काम जारी है, लेकिन दलदल से आ रही बाधाएं कार्य में रुकावट डाल रही हैं। बसोहली से बनी जाने के लिए एक ही मार्ग होने के कारण कई गांवों के लोग परेशान हैं।
बसोहली क्षेत्र में दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश के कारण व्यापार में मंदी का दौर आ गया है, जिससे बाजार सूने पड़े हैं। ग्राहक कामकाज के लिए घर से बाहर निकलने में हिचकिचा रहे हैं। इस स्थिति से किसान और व्यापारी दोनों परेशान हैं। सरकारी कर्मचारियों और विद्यार्थियों को कार्यालय और स्कूल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार दोपहर बाद बसोहली-बनी सड़क पर टिकरी मोड़ के पास पहाड़ से मलबा गिरने के कारण सड़क यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान इस सड़क पर मलबा आया था, जिससे सड़क पूरी तरह से बह गई थी।
वर्तमान में ग्रेफ विभाग द्वारा एक वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है, लेकिन उस पर भी मलबा, पत्थर और कीचड़ फैला हुआ है, जिससे चालकों को गुजरने में कठिनाई हो रही है। ग्रेफ की मशीनें सड़क को साफ करने में लगी हुई हैं, लेकिन बारिश और दलदल के कारण कर्मचारियों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी भी सड़क को साफ करने में ग्रेफ विभाग की मदद कर रहे हैं।
खबरें और भी
बसोहली-बनी आने-जाने के लिए केवल एक ही रास्ता होने के कारण लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति में प्रशासन को शीघ्र समाधान निकालने की आवश्यकता है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
पहाड़ी क्षेत्र बनी में शनिवार को लगातार तेज बारिश होती रही, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। भारी बारिश का असर परिवहन और दैनिक गतिविधियों पर भी पड़ा। बनी-वसहोली मार्ग सहित अन्य प्रमुख संपर्क मार्गों पर आवाजाही प्रभावित रही।
कई स्थानों पर पेड़ गिरने और मलबा आने के कारण यातायात बाधित हुआ। बनी-वसहोली सड़क टिकरी के निकट तीन घंटे बंद रहने के बाद बहाल हो पाई, जबकि बनी-भद्रवाह सड़क मार्ग गोल्डन क्षेत्र के पास एक बड़े पेड़ के गिरने से पूरी तरह बंद हो गया।
कस्बे के बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा, और सामान्य दिनों की तुलना में बहुत कम लोग बाजारों में नजर आए। केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही लोग घरों से बाहर निकले, जिन्हें बारिश और खराब मौसम के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस बीच, सिती गांव में भूस्खलन की घटना में एक व्यक्ति के मकान को नुकसान पहुंचा। प्रभावित व्यक्ति की पहचान पवन कुमार पुत्र पिसुराम के रूप में हुई है। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन मकान को हुए नुकसान से परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
घंटों प्रभावित रही बिजली की सप्लाई
लगातार वर्षा के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही, और कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली बाधित रही। इसके अलावा, बनी-भंडार, बनी-रूलकि और अन्य आंतरिक मार्गों पर पत्थर और मलबा गिरने से यातायात बाधित रहा। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और प्रभावित मार्गों को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।