यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jammu News: मौत के बाद भी दो लोगों की जिंदगी रोशन कर गई महिला, डॉक्टरों ने ऐसे किया कॉर्निया ट्रांसप्लांट
Jammu News जम्मू के गांधीनगर की एक महिला मृत्यु के बाद दो लोगों की जिंदगी रोशन कर गई। महिला के नेत्रदान ने उनका जीवन संवार दिया। जीएमसी जम्मू प्रशासन ...और पढ़ें

HighLights
- नेत्रदान कर एक महिला और एक पुरुष की दुनिया संवार दी
- जीएमसी के डाक्टरों की टीम ने कार्निया का प्रत्यारोपण किया
राज्य ब्यूरो, जम्मू: जम्मू के गांधीनगर की एक महिला मृत्यु के बाद दो लोगों की जिंदगी रोशन कर गई। महिला के नेत्रदान ने उनका जीवन संवार दिया। सोमवार को दोनों में कार्निया का प्रत्यारोपण सफलता से हो गया। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल है।
जीएमसी जम्मू प्रशासन के के अनुसार गांधीनगर की रहने वाली एक महिला का सोमवार शाम को निधन हो गया था। स्वजन ने महिला की अंतिम इच्छा के अनुरूप स्टेट आर्गन और टिश्यू ट्रांसप्लांट आर्गेनाइजेशन से नेत्रदान के लिए संपर्क किया।

इसके तुरंत बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज के नेत्र विज्ञान विभाग के एचओडी डा. अशोक शर्मा ने रजिस्ट्रार डॉ. पलक गुप्ता और डा. मालविका शर्मा को गांधीनगर में मृतक महिला के घर भेजा।
यहां उन्होंने सीनियर स्टाफ नर्स रिफत और आकर्षण की सहायता से मृतक की आंखों को समय पर लेने का काम पूरा किया। कार्निया को डॉ. हंस राज शर्मा के मार्गदर्शन में आई बैंक लाया गया।
47 साल थी महिला की उम्र
मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू के नेत्र विज्ञान विभाग के एचओडी डा. अशोक शर्मा और उनकी टीम ने दो कार्निया प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए और दोनों व्यक्तियों की दृष्टि वापस हासिल करना संभव बनाया। जिन दो लोगों की आंखों की रोशनी मिली उनमें एक 47 साल की महिला थी और दूसरा 60 साल का पुरुष है।
प्रत्यारोपण करने वालों में डॉ. अशोक शर्मा के अतिरिक्त डा. पलक गुप्ता, डा. कृतिका, डा. चंदनमीत और डा. शामिल थे। इसके अलावा आपरेशन थियेटर सुपरवाइजर उर्मिला, आपरेशन थिएटर स्टाफ कमलेश कुमारी, हरप्रीत और अजय की मदद ली गई।