जम्मू में सस्ता हुआ प्याज! नरवाल मंडी पहुंचा 35 टन बफर स्टॉक, 60 रुपये वाला प्याज अब 30-35 रुपये किलो
सरकार के प्रयासों से जम्मू में प्याज की कीमतें नियंत्रित हुई हैं। नरवाल मंडी में 35 टन बफर स्टॉक पहुंचने ...और पढ़ें

जम्मू में सस्ता हुआ प्याज सरकारी बफर स्टॉक से मिली राहत। (फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू की नरवाल मंडी में 35 टन प्याज पहुंचा।
बफर स्टॉक का प्याज 30-35 रुपये प्रति किलो।
आम लोगों को प्याज की कीमतों में मिली राहत।
जागरण संवाददाता, जम्मू। प्याज की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जम्मू की नरवाल मंडी में 35 टन बफर स्टाक का प्याज पहुंचा है, जो 30 से 35 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इससे अन्य प्याज की कीमतों में ठहराव आया है और आम लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है।
अब तक 60 टन प्याज नरवाल मंडी में पहुंच चुका है, जिसमें से 25 टन तुरंत बिक गया था। सरकारी भंडारों से भेजे जा रहे इस प्याज की ग्राहकों ने सराहना की है।
नरवाल मंडी के थोक व्यापारी अश्वनी शर्मा ने कहा कि यह आम लोगों के लिए बड़ी राहत है। हालांकि, यह प्याज मांग के हिसाब से कम है, लेकिन यह एक अच्छी शुरुआत है।
आमतौर पर रोजाना लगभग 200 टन प्याज नरवाल मंडी में आता रहा है। बफर स्टाक का प्याज जुड़ने से कुछ राहत महसूस हुई है।
सरकार की पहल से प्याज हुआ सस्ता
व्यापारी शर्मा ने बताया कि सरकार ने अच्छी पहल की है। इस समय लोगों को सस्ता प्याज चाहिए और वह उपलब्ध होना शुरू हो गया है। वहीं, लोगों ने मांग की है कि बफर स्टाक प्याज की आमद को बढ़ाया जाए। यदि यह प्रक्रिया जारी रहती है, तो प्याज के व्यापारी सही रास्ते पर आ जाएंगे और स्टॉक से प्याज निकालना शुरू कर देंगे।
अब कीमतों में गिरावट के संकेत
बारिशों के कारण प्याज की फसलें प्रभावित हुई हैं, लेकिन जमाखोरी के कारण दाम बढ़ गए हैं। वर्तमान में अन्य राज्यों से आया प्याज 60 रुपये में बिक रहा है, लेकिन इसमें गिरावट के संकेत दिखने लगे हैं।
भगवती नगर की संतोष बसोत्रा ने कहा कि सरकार को बड़े स्टाक जम्मू में भेजने चाहिए ताकि सभी को सस्ता प्याज मिल सके।
