विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में डेंगू ने बढ़ाई टेंशन! एक हफ्ते में 15 नए केस, 130 पहुंचा आंकड़ा; प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

Updated: Fri, 21 Aug 2026 07:15 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, इस साल अब तक 130 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें पिछले सप्ताह 15 नए मामले शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ...और पढ़ें

J&K में लारवा खत्म करने का अभियान तेज (फाइल फोटो)

J&K में लारवा खत्म करने का अभियान तेज (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में डेंगू के मामले अब लगातार आना शुरू हो गए हैं। बीते एक सप्ताह में विभिन्न जिलों में डेंगू के पंद्रह नए मामले दर्ज हुए हैं। इसके साथ ही इस वर्ष अभी तक डेंगू के 130 मामले दर्ज हो चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार वीरवार को कुल 220 संदिग्धों के टेस्ट हुए। इनमें से 8 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। इनमें तीन मामले जम्मू जिले के हैं जबकि चार सांबा और एक अन्य प्रदेशों से आया है।

अभी तक आए मामलों में सबसे अधिक 72 मामले जम्मू जिले में हैं जबकि उधमपुर में 15, सांबा में 09, राजौरी में 09, कठुआ में 05, रियासी में 04, पुंछ में 05, डोडा, रामबन और किश्तवाड़ में दो-दो मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पांच मामले अन्य प्रदेशों से आए हैं।

पिछले साल के मुकाबले इस बार डेंगू के मामले बढ़े

इस वर्ष बीते वर्ष की तुलना में टेस्ट भी अधिक हो रहे हैं और मामले भी अधिक आ रहे हैं। गत वर्ष 2025 में अभी तक 5386 लोगों की जांच हुई थी और 76 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। इस वर्ष अभी तक 9085 मामले आ चुके हैं जिनमें से 130 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।

लोगों से घरों में पानी जमा न होने देने की अपील

स्टेट मलेरियालोजिस्ट का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे डॉ. हरबख्श सिंह का कहना है कि इस बार हमारा प्रयास रहा है कि डेंगू का मच्छर पनपे ही नहीं। इसके लिए जिन क्षेत्रों में मच्छर का लारवा था, उसे खत्म करने के लिए अभियान चलाया है।

लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी अपने घरों व आसपास में पानी जमा न करने और पानी की टंकियों को खुला नहीं छोड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि घरों में वाटर कूलर के पानी को भी रोज बदलें।