विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन पर बॉर्डर पर तैनात जवानों की कलाई नहीं होगी सूनी, नन्हे-मुन्नों ने बनाई राखियां

Published: Mon, 24 Aug 2026 05:21 PM (IST)

दैनिक जागरण के भारत रक्षा पर्व के तहत जम्मू के नन्हे-मुन्नों ने जवानों के लिए रंग-बिरंगी राखियां और ग्रीटिंग कार्ड बनाए।

सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए नन्हे-मुन्नों ने बनाई राखियां। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए नन्हे-मुन्नों ने बनाई राखियां। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. डेफोडिल्स केयर कान्वेंट के बच्चों ने बनाईं राखियां

  2. दैनिक जागरण के भारत रक्षा पर्व का आयोजन

  3. बच्चों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास

जागरण संवाददता, जम्मू। देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों तक अपना स्नेह और शुभकामनाएं पहुंचाने के लिए डेफोडिल्स केयर कान्वेंट प्ले-वे स्कूल जैन बाजार के नन्हे-मुन्नों ने अपने हाथों से रंग-बिरंगी राखियां और ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए।

दैनिक जागरण के भारत रक्षा पर्व के तहत स्कूल परिसर में राखी एवं पोस्टर मेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जवानों के लिए आकर्षक राखियां और संदेशों से सजे ग्रीटिंग कार्ड बनाए।

बच्चों ने राखियों को तैयार करने के लिए रंग-बिरंगे धागों, मोतियों और सजावटी सामग्री का इस्तेमाल किया। बच्चों के हाथों से तैयार की गई ये राखियां देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की कलाइयों की शोभा बढ़ाएंगी।

स्कूल के बच्चे हर साल उत्साह के साथ देश के वीर जवानों के लिए राखियां तैयार करते हैं। इससे पहले स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है जिसमें बच्चों को भारतीय सेना के बारे में बताया जाता है। उन्हें छोटी-छोटी फिल्में दिखाकर सेना की बहादुरी के किस्से दिखाए भी जाते हैं।

भारत रक्षा पर्व के माध्यम से देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति अपनी भावनाओं को सुंदर और सार्थक रूप में व्यक्त करने के लिए बच्चे हर साल राखियां बनाते हैं। बच्चों द्वारा अपने हाथों से राखियां और ग्रीटिंग कार्ड तैयार करना उनके प्रेम, सम्मान और देशभक्ति की भावना को दर्शाता है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। -शिखा पूरी, प्रिंसिपल

हमें गर्व है कि हमारे बच्चे सैनिकों के त्याग और समर्पण को समझते हैं। ये राखियां जवानों तक हमारा स्नेह और शुभकामनाएं पहुंचाने का माध्यम बनेंगी। इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर दैनिक जागरण का भी आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने बच्चों में देश प्रेम के प्रति सोच विकसित की। -निधि शर्मा, शिक्षक