विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवंबर में त्योहारों की झड़ी, भाईदूज से कार्तिक पूर्णिमा तक... जम्मू में कब-कब मनाए जाएंगे पर्व?

Published: Fri, 06 Nov 2026 03:03 PM (IST)

जम्मू के बाजार त्योहारों के कारण गुलजार हैं, जहां दीवाली और धनतेरस के लिए जमकर खरीदारी हो रही है। नवंबर ...और पढ़ें

जम्मू में त्योहारों का उत्साह दीवाली और धनतेरस पर बाजारों में रौनक। (AI Generated)

जम्मू में त्योहारों का उत्साह दीवाली और धनतेरस पर बाजारों में रौनक। (AI Generated)

HighLights

  1. त्योहारों के चलते जम्मू के बाजारों में भारी रौनक।

  2. दीवाली और धनतेरस के लिए जमकर हो रही है खरीदारी।

  3. नवंबर में कई त्योहारों से बाजार में उत्साह बरकरार।

जागरण संवाददाता, जम्मू। त्योहारों पर होने वाली परंपरागत खरीदारी के चलते व्यापार आसमान छूने को आतुर दिख रहा है। वाहन, इलेक्ट्रिक सामान, कपड़े समेत विभिन्न दुकानों में भीड़ जुटने से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। करवाचौथ के बाद अब धनतेरस, दीवाली की खरीदारी से बाजार में हर ओर रौनक नजर आ रही है। जम्मू शहर के बाजारों में इन दिनों रौनक बढ़ी हुई है और नवंबर माह में यह रौनक इसी तरह कायम रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुराने शहर के बाजारों से लेकर गांधी नगर, शास्त्री नगर, नानक नगर, छन्नी हिम्मत और न्यू प्लाट, रिहाड़ी व सरवाल जैसे क्षेत्रों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे बाजार काफी उत्साहित नजर आ रहा है।

शुक्रवार को धनतेरस से दीपोत्सव का शुभारंभ हो गया है और त्योहारों का सिलसिला कार्तिक पूर्णिमा तक रहेगा। इसके लिए घर-घर तेजी से तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में बाजार को भी उम्मीद है कि कार्तिक पूर्णिमा तक बाजारों में रौनक यूं ही बनी रहेगी और उसके साथ ही शादियों का सीजन भी आरंभ हो चुका है, जिससे रौनक दोगुनी हो गई है।

नवंबर में मनाए जाने वाले मुख्य त्योहारों पर एक नजर

छह नवंबर : धनतेरस
इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा आराधना की जाएगी। परंपरा के अनुसार, लोग धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन, वाहन एवं अन्य नई वस्तुओं की खरीदारी करेंगे, जो शुभ मानी जाती है। इसके साथ दीपोत्सव भी शुरू हो जाएगा।

आठ नवंबर : दीवाली
दीवाली आठ नवंबर को मनाई जाएगी। शुभ मुहूर्त में घर-घर और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भगवान गणेश, लक्ष्मी जी की पूजा होगी। श्रद्धालु कुबेर जी की भी पूजा करेंगे। दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और भगवान श्रीराम के अयोध्या वापिस आने की खुशियां मनाएंगे।

10 नवंबर : गोवर्धन पूजा
कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा दस नवंबर को गोवर्धन पूजा होगी। मंदिरों और घरों में भक्ति भाव से भगवान गोवर्धन को मौसमी सब्जी, खील, बताशा आदि अर्पित किए जाएंगे। गोवर्धन भगवान को मनमोहक रूप से सजाया जाएगा। इसके लिए शहर में कई जगह धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी रूपरेखा तय हो रही है।

11 नवंबर : भाईदूज
कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया को भाईदूज पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी आयु एवं सुख समृद्धि की कामना के साथ तिलक करेंगी। भाई बहनों को उपहार देंगे। धार्मिक मान्यता है कि भाईदूज पर्व पर यमुना नदी में भाई और बहन के स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यह पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा।

छठ पूजा : 13 नवंबर से
देश के विभिन्न हिस्सों से रोजगार की तलाश में पहुंचे लोगों में इस पर्व को लेकर काफी उत्साह है और पिछले कुछ सालों से जम्मू में भी यह पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। ऐसे में सूर्य षष्ठी व्रत पर्व श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया जाएगा। सूर्य षष्ठी व्रत एवं पूजा 13 नवंबर से शुरू होगी और समापन 16 नवंबर को होगा।

17 नवंबर : गोपाष्टमी
गोपाष्टमी 17 नवंबर को मनाई जाएगी। इस त्योहार पर लोग अपनी गायों को सजाते एवं संवारते हैं और उनकी पूजा करते हैं। कार्तिक स्नान करने वाली महिला श्रद्धालु भी गोमाता की पूजा करती हैं।

24 नवंबर : कार्तिक पूर्णिमा
कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 24 नवंबर को श्रद्धा से मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यता है कि जो महिला श्रद्धालु कार्तिक माह का व्रत रखती हैं, वह इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा आराधना कर व्रत का पारण करती हैं। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान एवं दान का विशेष महत्व है। ऐसा करने से अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।