जम्मू में NHM कर्मचारियों का हल्लाबोल! बिश्नाह में 72 घंटे की काम छोड़ हड़ताल, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
एनएचएम कर्मचारियों ने बिश्नाह में 72 घंटे की हड़ताल शुरू की, जिसमें नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग की गई। ...और पढ़ें

अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते एनएचएम कर्मी।
HighLights
बिश्नाह में एनएचएम कर्मियों ने 72 घंटे की हड़ताल शुरू की।
कर्मचारियों की मुख्य मांगें नियमितीकरण और वेतन वृद्धि हैं।
मांगें पूरी न होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, बिश्नाह। उपजिला बिश्नाह में नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 72 घंटे की काम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान कर्मचारियों ने बिश्नाह उपजिला अस्पताल परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
बिश्नाह अस्पताल में एनएचएम ब्लॉक प्रधान विक्रांत पांडे की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही
विक्रांत पांडे ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने से लेकर जरूरत के अनुसार विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी निभाने तक कर्मचारी लगातार सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
सरकार को चेतावनी
उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करने और वेतन में बढ़ोतरी की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। मजबूर होकर कर्मचारियों को 72 घंटे की काम छोड़ हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जा सकता है। इस मौके पर बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी मौजूद रहे।
