विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाबी सिंगर एम्मी विर्क की हत्या की कोशिश, बदमाशों ने किए सात राउंड फायर; बुलेटप्रूफ गाड़ी ने बचाई जान

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:26 AM (IST)

कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में गायक एम्मी विर्क के काफिले पर हमलावरों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं।

पंजाबी सिंगर एम्मी विर्क (फाइल फोटो)

पंजाबी सिंगर एम्मी विर्क (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एम्मी विर्क के काफिले पर कनाडा में सात राउंड फायरिंग

  2. बुलेटप्रूफ गाड़ी होने से गायक और अन्य सुरक्षित बचे

  3. पुलिस इसे लक्षित हमला मानकर जांच कर रही है

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाबी संगीत और फिल्म जगत के चर्चित गायक व अभिनेता एम्मी विर्क के काफिले पर कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में फायरिंग की गई।

पांच सितंबर की रात ‘यूनिटी टूर’ के कार्यक्रम के बाद मैक्कलम रोड पर हुई इस वारदात में हमलावरों ने काफिले में शामिल एक लग्जरी गाड़ी पर करीब सात राउंड गोलियां चलाईं।

गाड़ी बुलेटप्रूफ होने के कारण एम्मी विर्क और उसमें सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रात करीब 11 बजे हुए हमला

जानकारी के अनुसार, एम्मी विर्क का कार्यक्रम एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम हॉल में था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह काफिले के साथ लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड पर एक गहरे रंग की एसयूवी से आए हमलावरों ने काफिले में शामिल गाड़ी को निशाना बनाया। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन पर कई गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

लक्षित हमला मानकर जांच

पुलिस इस घटना को लक्षित हमला मानकर जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से हमले के पीछे किसी विशेष गिरोह या व्यक्ति की भूमिका की अभी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान, इस्तेमाल किए गए वाहन और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा हो सकती है।

हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने काफिले में चल रही गाड़ी पर लगातार कई गोलियां दागीं। हालांकि बुलेटप्रूफ वाहन होने के कारण गोलियां अंदर बैठे लोगों तक नहीं पहुंच सकीं। घटना में एम्मी विर्क या अन्य लोगों के घायल होने की सूचना नहीं है।

कनाडा में पहले भी निशाने पर रहे पंजाबी गायक

पंजाबी संगीत जगत के कलाकारों को कनाडा में निशाना बनाए जाने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। सितंबर 2024 में एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित घर के पास गोलीबारी की गई थी।

घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगाने की घटना भी सामने आई थी। इस मामले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े लोगों की ओर से लिए जाने का दावा किया गया था।

नवंबर 2023 में पंजाबी गायक और अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल के वैंकूवर के व्हाइट रॉक इलाके स्थित घर के बाहर भी गोलीबारी हुई थी। इस घटना के बाद भी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा दावा सामने आया था।

गायक करण औजला ने एक साक्षात्कार में कनाडा में रहते हुए अपने ऊपर छह बार गोलीबारी और कई बार फिरौती की धमकियां मिलने का दावा किया था। वर्ष 2019 में कनाडा स्थित उनके घर पर भी गोलीबारी हुई थी।

सुरक्षा कारणों से बाद में उन्होंने दुबई में रहने का फैसला किया। अक्टूबर 2025 में पंजाबी गायक तेजी काहलों को भी कनाडा में निशाना बनाकर गोलीबारी किए जाने की खबर सामने आई थी।

फिरौती और गैंगवार का एंगल

कनाडा में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर पंजाबी संगीत जगत से जुड़े कलाकारों को फिरौती के लिए धमकाने और अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने के आरोप लगते रहे हैं।

लॉरेंस बिश्नोई और बंबीहा जैसे गिरोहों के नाम भी ऐसी घटनाओं में सामने आते रहे हैं। हालांकि एम्मी विर्क के मामले में अभी पुलिस ने हमले के पीछे की वजह या किसी गिरोह की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के कारण कनाडा में रहने वाले और वहां कार्यक्रम करने वाले पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

एम्मी विर्क के काफिले पर हुए हमले में फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि बुलेटप्रूफ वाहन के कारण किसी की जान नहीं गई। अब पुलिस की जांच से ही स्पष्ट होगा कि हमलावर कौन थे और उन्होंने एम्मी विर्क के काफिले को ही क्यों निशाना बनाया।