सांबा वालों की बल्ले-बल्ले! 15 अगस्त पर बड़ा तोहफा मिला, स्टेशन पर 6 ट्रेनें ठहरेगीं, देखें लिस्ट
सांबा स्टेशन पर 15 अगस्त से 6 ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। ...और पढ़ें

सांबा रेलवे स्टेशन पर 15 अगस्त से 6 ट्रेनों का ठहराव शुरू। (फाइल फोटो)
HighLights
सांबा स्टेशन पर 15 अगस्त से 6 ट्रेनें रुकेंगी।
कोरोना महामारी के बाद रुके ठहराव बहाल हुए।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पुरानी मांग पूरी की।
जागरण संवाददाता, सांबा। जिले के लोगों के लिए खुशखबरी है। सांबा वासियों को सरकार की तरफ से 15 अगस्त का तोहफा मिला है। अब सांबा स्टेशन पर 6 ट्रेन ठहरेंगी। लंबे समय के बाद रेलगाड़ियों के ठहराव का समाचार आते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कोरोना महामारी के चलते सांबा रेलवे स्टेशन से तकरीबन गाड़ियों के ठहराव पर मंत्रालय की ओर से रोक लगा दी गई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसके लिए कई बार संगर्ष किया। साथ ही आंदोलन भी किए।
15 अगस्त से 6 गाड़ियों के ठहराव का आदेश जारी
आखिरकर मंत्रालय ने 15 अगस्त से 6 गाड़ियों के ठहराव का आदेश जारी किया है। इसके बाद शहरवासी बहुत खुश है। स्थानीय भाजपा नेता राकेश सिंह पिंटा ने बताया कि यह बहुत पुरानी और लंबित मांग थी जिसे केंद्र सरकार में बैठे रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने पूरा किया है। इसके लिए हम उनके आभारी है।
सांबा में बहुत बड़ा औद्योगिक क्षेत्र
उन्होंने बताया कि यह गाड़िया बहुत कम हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या को बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक सुविधा हो सके। उन्होंने सांबा मुख्य चौक पर ख़ुशी जताते हुए कहा कि सांबा में बहुत बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। इसके साथ साथ सेना के एक ब्रिगेड, सीमा सुरक्षा बल की 4 यूनिट और स्थानीय आबादी का एक बहुत बड़ा आंकड़ा है।
इन सबको ट्रेनों के रुकने से बेहद खुशी होगी। वहीं इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष भवानी सिंह, पूर्व डीडीसी सदस्य सुभाष भगत, संजय गुप्ता, संजू कुमार, नरेंद्र कुमार, नरेश सिंह समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।
इन ट्रेनों का ठहराव फिर शुरू
सांबा स्टेशन पर जिन ट्रेनों का ठहराव पुन: शुरू किया जा रहा है, उनमें ट्रेन संख्या 20434 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-सुबेदारगंज, 16787 तिरुनेलवेली-कटड़ा, 14803 भगत की कोठी-जम्मू तवी, 14804 जम्मू तवी-भगत की कोठी, 16317 कन्याकुमारी-कटड़ा और 16031 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-कटड़ा शामिल हैं। इन ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय यात्रियों के साथ जम्मू-कश्मीर आने वाले तीर्थयात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
तीन ट्रेनों के जम्मू तवी समय में बदलाव
ठहराव बहाल किए जाने के साथ ट्रेन संख्या 16787, 16317 और 16031 के जम्मू तवी स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान समय में पांच मिनट का संशोधन किया गया है। यह बदलाव 17 अगस्त, 21 अगस्त और 16 अगस्त से लागू होगा। संशोधित समय के अनुसार तीनों ट्रेनें जम्मू तवी स्टेशन पर सुबह 8:30 बजे पहुंचेंगी।
