सांबा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कूड़े का अंबार! बदबू से लोग परेशान, दुकानदार बोले- ग्राहक भी कतराने लगे हैं
सांबा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे बदबू फैल रही ...और पढ़ें

सांबा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में गंदगी का अंबार। (फाइल फोटो)
HighLights
सांबा में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी।
शहर में कूड़े के ढेर, बदबू से दुकानदार व लोग परेशान।
कर्मचारी लंबित मांगों पर अड़े, प्रशासन से तत्काल समाधान की अपील।
जागरण संवाददाता, सांबा। सांबा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सांबा शहर में कई जगह कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। इससे अब बदबू आने लगी है और दुकानदारों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ-साथ बाजार में आने-जाने वाले लोग भी काफी परेशान हैं। उधर, सफाई कर्मचारी भी अपनी लंबित मांगों को लेकर अड़े हुए हैं।
उनका साफ कहना है कि जब तक सरकार हमारी मांगें पूरी नहीं करती तब तक हम अपनी हड़ताल वापस नहीं लेंगे। इससे पूर्व भी कई बार हमने छोड़ हड़ताल कर सरकार के आगे अपनी मांगें रखी थीं परंतु हर बार आश्वासन ही मिला है।
उनका कहना है कि सरकार ने हमारी एक भी मांग पर कोई गौर नहीं किया। हमारे कई कर्मी पिछले कई वर्षों से अस्थायी रूप से ही काम कर रहे हैं, जिन्हें स्थायी किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक हमारी सारी मांगें पूरी नहीं होती तब तक हम लोग अपनी हड़ताल वापस नहीं लेंगे।
दुकानदारों ने लगाई सफाई की गुहार
दुकानदार किशोर कुमार का कहना है कि हमारी दुकान के आगे लोग कूड़ा फेंक देते हैं, जिससे बदबू आना शुरू हो गई है। दुकान में बैठना मुश्किल हो गया है। ग्राहक भी दुकान में आने से कतराते हैं। विभाग से आग्रह है कि शहर में सफाई करवा कर लोगों को राहत प्रदान करे।
दुकानदार रमन गुप्ता का कहना है कि शहर में सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। अगर ऐसा ही रहा तो बीमारियां फैलने की आशंका है। इसलिए प्रशासन जल्द कदम उठाए।
शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर से लोग परेशान
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में कूड़े के बड़े-बड़े ढेरों में से बदबू आना शुरू हो गई है। इससे कोई बीमारी फैल सकती है। इससे पूर्व ही शहर में सफाई कराई जाए, ताकि लोग चैन की सांस ले सकें। शहर के आसपास के सभी लोग दुकानों के आगे कूड़े के ढेर लगा देते हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों से भी आग्रह है कि विभाग की ओर से चिन्हित कूड़ेदान में ही कूड़ा डालें। सरकार से भी यही आग्रह है कि इस मसले का जल्द से जल्द हल करके लोगों को राहत दे।
