कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एचआर खजूरिया का निधन, पार्टी ने जताया शोक; पूर्व CM शीला दीक्षित के रह चुके हैं प्रमुख सलाहकार
कांग्रेस नेता एचआर खजूरिया का निधन हो गया, जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा, सामाजिक कल्याण और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए समर्पित किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एचआर खजूरिया का निधन। फाइल फोटो
HighLights
कांग्रेस नेता एचआर खजूरिया का निधन, जनसेवा को समर्पित जीवन।
दिल्ली कांग्रेस सचिव, शीला दीक्षित के सलाहकार भी रहे।
सम्मानित ट्रेड यूनियन नेता, कर्मचारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। कांग्रेस नेता एचआर खजूरिया का निधन हो गया। पार्टी ने खजूरिया के निधन पर शोक जताया है। स्वर्गीय खजूरिया ने अपने जीवन को जनसेवा, सामाजिक कल्याण और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार में डिप्टी डायरेक्टर (ईएमई) के पद पर रहते हुए उन्होंने रक्षा क्षेत्र के सिविलियन कर्मचारियों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया।
खजूरिया कांग्रेस के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता रहे। उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव के रूप में कई वर्षों तक संगठन को अपनी सेवाएं दीं। वह दिल्ली में डोगरा समुदाय की आवाज को मजबूत करने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के लोगों की चिंताओं, अधिकारों और आकांक्षाओं को भी प्रमुखता से उठाते रहे।
स्वर्गीय शीला दीक्षित के सलाहकार और रणनीतिकार के रूप में भी खजूरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खजूरिया एक सम्मानित ट्रेड यूनियन नेता भी थे। उन्होंने इंडियन नेशनल डिफेंस वर्कर्स फेडरेशन के तहत डिफेंस सिविलियन एम्प्लाइज के मुख्य संचालक एवं प्रवक्ता के रूप में कर्मचारियों की आवाज बुलंद की।
उन्होंने विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अध्यक्ष के रूप में भी नेतृत्व किया और कर्मचारियों के अधिकारों तथा कल्याण के लिए लगातार संघर्ष किया।पार्टी के प्रवक्ता रविंद्र शर्मा का कहना है कि खजूरिया का जीवन समर्पित सार्वजनिक सेवा, संगठनात्मक नेतृत्व और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा।
उन्होंने राजनीतिक, सामाजिक और कर्मचारी आंदोलनों के माध्यम से विभिन्न वर्गों की समस्याओं को आवाज दी और अपने पीछे सेवा एवं नेतृत्व की एक प्रेरणादायी विरासत छोड़ी।
