जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़, 6 IED और गोला-बारूद बरामद; सर्च ऑपरेशन शुरू
पुंछ के सुरनकोट में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया, जहां से भारी मात्रा में विस्फोटक और गोला-बारूद बरामद हुआ।
-1786816869552_m.webp)
पुंछ में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़। फोटो जागरण
HighLights
पुंछ के सुरनकोट में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़।
सुरक्षा बलों ने 6 आईईडी और गोला-बारूद बरामद किया।
स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़ी आतंकी साजिश नाकाम।
जागरण संवाददाता, पुंछ। सीमावर्ती जिला पुंछ में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरनकोट सेक्टर के द्राबा इलाके में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और गोला-बारूद बरामद कर एक बड़ी संभावित घटना को टाल दिया।
अधिकारियों के अनुसार, विशेष खुफिया सूचना के आधार पर 16 राष्ट्रीय राइफल्स (RR), एसओजी बुफलियाज और 38वीं बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने द्राबा इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को एक गमला-प्रकार का IED, एक गोल-प्रकार का IED तथा चार छोटे IED बरामद हुए।
तलाशी अभियान जारी
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने एक Motorola वायरलेस सेट और AK-47 राइफल के सात कारतूस भी बरामद किए हैं। बरामद विस्फोटक सामग्री को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और इलाके में व्यापक तलाशी अभियान जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान बरामद सामग्री की जांच की जा रही है तथा क्षेत्र में तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आ सकेगी। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को स्वतंत्रता दिवस के बीच इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
