विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजौरी मुठभेड़ के बाद पुंछ में ईद से पहले हाई अलर्ट, ग्रामीण मार्गों पर गश्त तेज और दस्तावेजों की बारीक जांच शुरू

By Bhopinder Singh Edited By: Rahul Sharma
Published: Wed, 27 May 2026 03:38 PM (IST)

राजौरी में हुई मुठभेड़ के बाद पुंछ में ईद से पहले सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। ...और पढ़ें

एलओसी से सटे पुंछ में चप्पे-चप्पे पर नज़र, हर वाहन की जांच और राहगीरों की पहचान हुई अनिवार्य।

एलओसी से सटे पुंछ में चप्पे-चप्पे पर नज़र, हर वाहन की जांच और राहगीरों की पहचान हुई अनिवार्य।

HighLights

  1. राजौरी मुठभेड़ के बाद पुंछ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।

  2. ईद पर्व से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ी।

  3. वाहनों, राहगीरों की गहन जांच; ग्रामीण मार्गों पर गश्त।

संवाद सहयोगी, जागरण. पुंछ। राजौरी जिले के गंभीर मुगला क्षेत्र में चल रही मुठभेड़ के बाद पड़ोसी सीमावर्ती जिला पुंछ में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। आगामी ईद पर्व तथा नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे संवेदनशील क्षेत्रों को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। जिलेभर में व्यापक निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

इसी क्रम में मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुंछ जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष नाके स्थापित कर तलाशी अभियान चलाया गया। एसएचओ पुंछ एसडी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रवेश द्वार शेर-ए-कश्मीर पुल पर विशेष जांच नाका लगाया। यह पुल नगर में प्रवेश का प्रमुख मार्ग होने के साथ सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने वाहनों और राहगीरों की गहन जांच शुरू की। नगर में प्रवेश करने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की तलाशी ली जा रही है और उनके दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। यात्रियों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके पहचान पत्र भी सत्यापित किए जा रहे हैं।

सुरक्षा बल लगातार निगरानी बनाए हुए

इसके अलावा जिले के संवेदनशील क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाले मार्गों पर भी पुलिस की गश्त को और तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बल लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे जांच प्रक्रिया में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजौरी में हुई हालिया घटना को ध्यान में रखते हुए पुंछ जिले में सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।

प्रशासन का उद्देश्य ईद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना तथा किसी भी संभावित देशविरोधी गतिविधि या साजिश को समय रहते विफल करना है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।