Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    LoC पार से आतंक और नशे का नेटवर्क चलाने वाले बाप-बेटी पर शिकंजा, पुंछ पुलिस ने 5.5 लाख की संपत्ति की कुर्क

    By Bhopinder Singh Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Tue, 28 Apr 2026 07:16 PM (IST)

    पुंछ पुलिस ने आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत LoC पार से आतंकी और नशीले पदार्थों का नेटवर्क चलाने वाले भगोड़े बाप-बेटी की 5.5 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क ...और पढ़ें

    पुंछ पुलिस ने भगोड़े आतंकी के घर पर चस्पा किया जब्ती का बोर्ड।

    पुंछ पुलिस ने भगोड़े आतंकी के घर पर चस्पा किया जब्ती का बोर्ड।

    संवाद सहयोगी, पुंछ। आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत पुंछ पुलिस ने मंडी तहसील के छंबर कनारी गांव निवासी घोषित भगोड़े अब्दुल अजीज और उसकी बेटी मुख्ती बी की संपत्ति कुर्क कर बड़ी कार्रवाई की है। अदालत के आदेश पर दो कनाल पांच मरला भूमि पर बने कच्चे मकान को जब्त कर उस पर कुर्क संपत्ति का बोर्ड लगा दिया गया।

    पुलिस के अनुसार अब्दुल अजीज पुत्र अहमदा लोन और उसकी बेटी मुख्ती बी वर्ष 2002 में अवैध रूप से नियंत्रण रेखा पार कर गुलाम जम्मू कश्मीर चले गए थे। आरोप है कि वहां से वे भारतीय क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों और मादक पदार्थों से जुड़े नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। दोनों के खिलाफ थाना मंडी में एफआइआर दर्ज है।

    आतंकियों पर कार्रवाई जारी रहेगी

    पुलिस ने बताया कि आरोपित को न्यायालय द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आया। इसके बाद न्यायालय ने अचल संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए। मंगलवार को पुलिस स्टेशन मंडी की टीम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ कार्रवाई करते हुए खसरा संख्या 491 के अंतर्गत दर्ज संपत्ति कुर्क की।

    करीब 5.5 लाख रुपये मूल्य की इस संपत्ति पर बोर्ड लगाकर स्पष्ट किया गया है कि जब्त संपत्ति न बेची जा सकेगी और न ही इसमें किसी प्रकार का बदलाव किया जा सकेगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आतंकवाद, घुसपैठ और मादक तस्करी से जुड़े तत्वों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

    खबरें और भी