पुंछ में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, साब्जियां में अंडरग्राउंड आतंकी हाइडआउट ध्वस्त, PIKA के 246 राउंड बरामद
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में PIKA रा ...और पढ़ें

पुंछ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर भारी गोला-बारूद जब्त।
HighLights
पुंछ में सुरक्षाबलों ने आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया।
भारी मात्रा में PIKA राइफल के राउंड बरामद।
बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया गया।
डिजिटल डेस्क, पुंछ। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के मंडी तहसील के साब्जियां सेक्टर के गरहा इलाके में चलाए गए एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा ऑपरेशन खुफिया इनपुट के आधार पर चलाया गया था। लंबे समय से इस इलाके में आतंकी गतिविधियों की आशंका जताई जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि मंडी तहसील के गरहा, साब्जियां के घने जंगली इलाके में आतंकियों ने अपना ठिकाना बना रखा है। इस इनपुट को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षाबलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
कई घंटों की कड़ी मशक्कत और जंगल के चप्पे-चप्पे की तलाशी के बाद सुरक्षाबलों की नजर एक संदिग्ध जगह पर पड़ी। बारीकी से जांच करने पर पता चला कि यह एक अंडरग्राउंड हाइडआउट है, जिसे बेहद शातिर तरीके से बनाया गया था ताकि किसी की नजर न पड़े। इसे प्राकृतिक आड़ और पत्थरों की मदद से छिपाया गया था।
हाइडआउट से भारी तादाद में बरामद हुए हथियार
जब सुरक्षाबलों ने इस ठिकाने की तलाशी ली तो अंदर से चौंकाने वाला जखीरा बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, इस हाइडआउट के अंदर से PIKA राइफल के 246 राउंड बरामद किए गए।
खबरें और भी
PIKA एक अत्यधिक घातक लाइट मशीन गन है, जिसका इस्तेमाल अक्सर आतंकी संगठन सुरक्षाबलों पर हमले के लिए करते हैं। इतनी बड़ी मात्रा में इसके कारतूसों का मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि आतंकी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और इस ठिकाने को उन्होंने अपने लॉजिस्टिक बेस के तौर पर इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी।
नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने बरामद किए गए सभी गोला-बारूद को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके बाद इस पूरे आतंकी ठिकाने को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है, ताकि भविष्य में इसका इस्तेमाल दोबारा न किया जा सके।
इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी
अधिकारियों ने बताया कि इस सफलता के बाद भी सुरक्षाबल सतर्क हैं। पूरे इलाके को सैनिटाइज कर दिया गया है और आसपास के जंगलों में अभी भी अतिरिक्त सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इलाके में कोई और हाइडआउट या आतंकी मौजूद न हो।
गौरतलब है कि पुंछ और राजौरी बेल्ट में पिछले कुछ समय से आतंकी गतिविधियों में तेजी देखी गई है। ऐसे में गरहा में मिला यह हाइडआउट सुरक्षाबलों के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इस बरामदगी ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।