जम्मू-कश्मीर के राजौरी में BSF जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, करंट लगने की जताई गई आशंका
सुंदरबनी के टेरी ठिचका में छुट्टी पर आए एक बीएसएफ जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, प्रारंभिक तौर पर करंट लगने की आशंका है। ...और पढ़ें

राजौरी में बीएसएफ जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
HighLights
सुंदरबनी में छुट्टी पर आए बीएसएफ जवान की संदिग्ध मौत
प्रारंभिक तौर पर करंट लगने से मौत की आशंका जताई गई
पुलिस ने जांच शुरू की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है
संवाद सहयोगी, सुंदरबनी। छुट्टी पर घर आए एक बीएसएफ जवान की सुंदरबनी के टेरी ठिचका क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर करंट लगने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
परिजनों के अनुसार, मृतक 43 वर्षीय बीएसएफ जवान थे और उनकी तैनाती ऊधमपुर में थी। वह महज दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उन्हें बिजली का करंट लगा, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में अभी तक मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद थी। वहीं स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों का कहना है कि संभवतः इनवर्टर से करंट लगने के कारण यह हादसा हुआ।
हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कही है। बीएसएफ जवान की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।