जम्मू-कश्मीर: पुंछ में बस और कार की भीषण टक्कर, हादसे में छह लोग घायल; गाड़ियों के उड़े परखच्चे
पुंछ जिले के साथरा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। दो गंभीर घायलों में से एक महिला को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: पुंछ में बस और कार की भीषण टक्कर (जागरण फोटो)
HighLights
पुंछ के साथरा में भीषण सड़क हादसा, छह घायल।
दो गंभीर घायलों में एक महिला श्रीनगर रेफर।
तेज रफ्तार और तीखे मोड़ पर नियंत्रण खोने से हादसा।
संवाद सहयोगी, पुंछ। जिले के मंडी तहसील अंतर्गत साथरा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल मंडी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पुंछ रेफर किया गया। इनमें से एक महिला की हालत नाजुक होने पर उसे श्रीनगर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे पुंछ-मंडी मुख्य सड़क पर साथरा के एक तीखे मोड़ पर लोरन से पुंछ आ रही अल्टो कार संख्या नंबर जेके12 बी 9874 और पुंछ से मंडी जा रही मिनी बस (कैंटर) संख्या नंबर जेके12 सी 8927 आमने-सामने टकरा गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोड़ पर अचानक आमना-सामना होने के बाद दोनों वाहन चालकों ने ब्रेक लगाए, लेकिन तेज गति के कारण वाहन फिसल गए और नियंत्रण खो बैठे, जिससे जोरदार टक्कर हो गई।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में वाहन में सवार छह लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल मंडी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो महिलाओं की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल पुंछ भेज दिया।
घायलों की पहचान शाह बेगम पत्नी हबीब मुहम्मद निवासी आजमाबाद, फातिमा बेगम पत्नी जहांगीर अहमद निवासी लोरन, अब्दुल कयूम पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी सेरी चौहाना, हकीम बी पत्नी मुहम्मद हुसैन निवासी सेरी चौहाना, इमदाद हुसैन पुत्र मोहम्मद शफी तथा शकीला बी पत्नी गुलाम मुहम्मद निवासी लोरन के रूप में हुई है।
खबरें और भी
तीखे मोड़ पर खो दिया था ड्राइवर ने नियंत्रण
इनमें शाह बेगम और फातिमा बेगम को गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल पुंछ में उपचार के दौरान एक महिला की हालत अधिक बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और तीखे मोड़ पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
-----