Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर: टांडा और टेरी चकतवेला में खराब पड़े हैंडपंप, भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 04:00 PM (IST)

    सुंदरबनी के टांडा और टेरी चकतवेला गांवों में खराब हैंडपंपों के कारण ग्रामीण भीषण गर्मी में पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई ...और पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर: टांडा और टेरी चकतवेला में खराब पड़े हैंडपंप (जागरण फोटो)

    जम्मू-कश्मीर: टांडा और टेरी चकतवेला में खराब पड़े हैंडपंप (जागरण फोटो)


    HighLights

    1. टांडा और टेरी चकतवेला में हैंडपंप खराब पड़े हैं।

    2. भीषण गर्मी में ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।

    3. शिकायतों के बावजूद विभाग ने नहीं की कोई कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, सुंदरबनी। सुंदरबनी क्षेत्र के टांडा और टेरी चकतवेला गांवों में कई दिनों से हैंडपंप खराब पड़े होने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हैंडपंप बंद होने से उन्हें पीने के पानी के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

    ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में गर्मी बढ़ने के साथ पानी की मांग भी बढ़ गई है, लेकिन खराब हैंडपंपों की मरम्मत न होने से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। कई परिवारों को प्रतिदिन कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। इससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गंभीर हो सकता है।

    शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं

    स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

    ग्रामीणों ने प्रशासन और जल शक्ति विभाग से मांग की है कि टांडा और टेरी चकतवेला के खराब पड़े हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू किया जाए। साथ ही क्षेत्र में अन्य पेयजल स्रोतों की भी जांच कर आवश्यक सुधार कार्य किए जाएं ताकि लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।

    खबरें और भी

    पेयजल की सुविधा से जूझ रहे ग्रामीण

    ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का बुनियादी अधिकार है और सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी गांव में लोगों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके। जेई सनी कुमार ने बताया कि जल्द हेड पंप को ठीक करवाया जाएगा।