अमरनाथ धाम जा रहे हैं तो ध्यान दें! निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले यात्रियों को रोका जाएगा; एडवाइजरी जारी
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए यातायात एडवाइजरी जारी की है, जो 28 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। ...और पढ़ें

कैप्शन: निर्धारित समय से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रोका जाएगा (अमरनाथ धाम फाइल फोटो)
HighLights
अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एडवाइजरी जारी की
नवयुग सुरंग और अन्य मार्गों के लिए समय निर्धारित किया गया
देर से पहुंचने वाले यात्रियों को सुरक्षा शिविरों में ठहराया जाएगा
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यात्रा अवधि के दौरान यातायात संचालन के लिए सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है।
यह यात्रा के शुरू होने से 28 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत नवयुग सुरंग से सामान्य वाहनों की आवाजाही के लिए विशेष समय निर्धारित किया गया है। कश्मीर से जम्मू की तरफ आने वाले वाहन सुबह 11:30 बजे से पहले और जम्मू से कश्मीर जाने वाले वाहन दोपहर तीन बजे के बाद सुरंग पार नहीं कर सकेंगे।
यात्रियों ो शिविर में ठहराया जाएगा
निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले यात्रियों को सुरक्षा कारणों से निकटतम यात्रा शिविरों में ठहराया जाएगा। पुलिस ने घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों के लिए कट-आफ समय भी निर्धारित किया है।
मीर बाजार से श्रीनगर और अनंतनाग की ओर जाने वाले वाहनों के लिए शाम चार बजे तथा नवयुग सुरंग की ओर जाने वाले वाहनों के लिए शाम पांच बजे का समय तय किया गया है।
इसी तरह पंथाचौक श्रीनगर से गांदरबल, बारामुला और अनंतनाग जाने वाले वाहनों को दोपहर तीन बजे तक गुजरना होगा। सुंबल के शादीपोरा क्षेत्र में मनीगाम और उत्तर कश्मीर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए शाम 3:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, मनीगाम से श्रीनगर की ओर जाने वाले वाहनों को दोपहर एक बजे तथा बालटाल की ओर जाने वाले वाहनों को शाम पांच बजे तक अनुमति होगी।
यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं, पर्याप्त ईंधन रखें और अनावश्यक रुकने से बचें। सुरक्षा जांच, मौसम और यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त समय रखें। पुलिस ने सभी से आधिकारिक वेबसाइटों, इंटरनेट मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए नवीनतम यातायात एवं सुरक्षा सलाह प्राप्त करते रहने की अपील की है।