विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डेस्टिनेशन वेडिंग से चमकेगी घाटी की शान, CM उमर अब्दुल्ला ने दिया ‘वेड इन कश्मीर’ का नारा

Published: Tue, 09 Sep 2025 10:31 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू कश्मीर में डेस्टिनेशन वेडिंग टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। वेड इन कश्मीर केवल ...और पढ़ें

CM उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू कश्मीर में डेस्टिनेशन वेडिंग टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं (फाइल फोटो)
CM उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू कश्मीर में डेस्टिनेशन वेडिंग टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं (फाइल फोटो)

HighLights

  1. डेस्टिनेशन वेडिंग टूरिज्म की अपार संभावनाएं
  2. वेड इन कश्मीर एक आंदोलन है
  3. स्थानीय प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू कश्मीर में डेस्टिनेशन वेडिंग टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। उमर ने कहा कि हम धरती पर स्वर्ग कश्मीर को देश की डेस्टिनेशन वेडिंग राजधानी बनाने के लिए सभी संभव प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने मंगलवार को शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआइसीसी) में इंडियन चैंबर आफ इवेंट इंडस्ट्री (आइसीईआइ) द्वारा आयोजित हिंदुस्तान-2025 वेडिंग प्लानर्स एक्सपो का उद्घाटन करते हुए कहा कि वेड इन कश्मीर केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक आंदोलन है जो कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता को समृद्धि का वाहक बनाएगा।

इससे इस क्षेत्र का वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित होगा और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार डेस्टिनेशन वेडिंग टूरिज्म और इवेंट प्लानिंग क्षेत्र में निवेश और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि जम्मू कश्मीर, जो अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्व प्रसिद्ध है, में अवकाश पर्यटन, साहसिक पर्यटन, तीर्थयात्रा पर्यटन और सीमा पर्यटन जैसी नियमित गतिविधियों के अलावा डेस्टिनेशन वेडिंग टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से मिलकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो जम्मू कश्मीर में लग्जरी शादियों और उससे जुड़े उद्यमों के केंद्र के रूप में उभरने की संभावनाओं का प्रतीक है। यह स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों के लिए राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी है।

उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पहले बॉलीवुड की कोई भी फिल्म तब तक पूरी नहीं होती थी जब तक उसका कुछ हिस्सा कश्मीर में फिल्माया न जाए। उन्होंने हारि पर्वत पर स्थित किले का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता सभी को बॉलीवुड फिल्मों की याद दिलाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर केवल श्रीनगर, गुलमर्ग या पहलगाम तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी वादी में अनेक अद्वितीय और मनोहारी पर्यटन स्थल हैं। उन्होंने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन अन्य इवेंट प्लानर्स के लिए एक उत्साहजनक कदम होगा।

उन्होंने आईसीईआइ प्रबंधन से जम्मू-कश्मीर सरकार के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया ताकि कश्मीर घाटी के खूबसूरत परिदृश्यों को और समृद्ध बनाया जा सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आईसीईआई की कन्वेंशन्स पत्रिका का विमोचन भी किया। उन्होंने विभिन्न स्टालों का दौरा किया और प्रदर्शकों से बातचीत करके जम्मू-कश्मीर में वेडिंग प्लानर्स के सामने आने वाली चुनौतियों और अवसरों को समझा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।