जम्मू-कश्मीर में 'इलेक्ट्रिक क्रांति', केंद्र ने 200 ई-बसों को दी हरी झंडी, प्रदूषण मुक्त होगा घाटी का सफर
केंद्र सरकार ने पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत जम्मू-कश्मीर के लिए 200 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है। ...और पढ़ें
-1778391687175_m.webp)
पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत जम्मू-कश्मीर को 200 ई-बसों की मंजूरी (AI Generated फोटो)
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश के प्रत्येक जिले में ई-बस सेवा जल्द ही उपलब्ध होगी। क्योंकि केंद्र सरकार ने पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत जम्मू-कश्मीर के लिए 200 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है।
मौजूदा समय में प्रदेश में 200 ई-बसें जो क्रमश: जम्मू में 100 और श्रीनगर में 100 हैं, जो सिर्फ दो राजधानी शहरों में जम्मू व श्रीनगर के अलावा कुछ अन्य जिला मुख्यालयों तक ही सीमित है। पीएम ई-ड्राइव योजना का उद्देश्य हरित परिवहन को बढ़ावा देना और पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस वर्ष फरवरी में वित्त वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तुत करते हुए प्रदेश के ई-बस बेड़े में 200 और बसों को शामिल करने का एलान करते हुए यकीन दिलाया था कि ई-बस सेवा को प्रदेश के सभी जिलो में यथासंभव विस्तार प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारियों ने क्या बताया?
संबधित अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने ई-बस बेड़े में बढ़ौत्तरी के लिए 200 ई-बसों को उपलब्ध कराने का एक आग्रह सभी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए केंद्र सरकार को भेजा था। केंद्र सरकार ने इसे स्वीकार कर लिया।
उन्हाेंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित एक पत्र में केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा केंद्र शासित प्रदेश में 200 ई-बसों की तैनाती के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर विचार करते हुए इसे मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
खबरें और भी
पत्र में बताया गया है कि इन बसों का उपयोग जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी और पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में पर्यटन और तीर्थयात्रा गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
इसके अलावा, पत्र में यह भी कहा गया कि सीईएसएल (सीईएसएल) को निर्देश दिए गए हैं कि वह पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत अगली निविदा प्रक्रिया में जम्मू-कश्मीर के लिए 200 ई-बसों को शामिल करे।
इस बीच, जम्मू कश्मीर प्रदेश प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर को मिलने जा रही 200 नयी ई-बसों में से 100 ई-बसें श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड और 100 जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा खरीदी जाएंगी।
जम्मू के लिए जो बसें होंगी उनमें 25 बसों की लंबाई 12 मीटर होगी और 75 बसों की लंबाई सात मीटर होगी जबकि श्रीनगर के लिए 20 बसों की लंबाई 12 मीटर और 80 बसों की लंबाई नौ मीटर होगी।