विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर में ठंड बढ़ी, पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

Published: Sat, 24 Oct 2026 05:56 PM (IST)

Kashmir Weather: घाटी में मौसम ने फिर करवट बदली, सिंथन टाप सहित ऊंचे पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी हुई, जबकि निचले ...और पढ़ें

बर्फबारी और बारिश के चलते घाटी में तापमान में और गिरावट आई। (फाइल फोटो)

बर्फबारी और बारिश के चलते घाटी में तापमान में और गिरावट आई। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ऊंचे पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी, निचले इलाकों में हल्की बारिश।

  2. तापमान में गिरावट से घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ा।

  3. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे शुष्क मौसम की संभावना जताई।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। घाटी में शनिवार को मौसम ने फिर करवट बदली। सिंथन टॉप, साधना टॉप और राजदान टॉप समेत कई पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश दर्ज की गई। अनंतनाग को जोड़ने वाले सिंथन टॉप पर भी सुबह हल्की बर्फबारी हुई। ताजा बर्फबारी और बारिश के चलते घाटी में तापमान में और गिरावट आई। पहले से ही सामान्य से नीचे चल रहे तापमान के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान घाटी में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।

गौरतलब है कि पहाड़ों पर हालिया बर्फबारी व निचले इलाकों में हुई बारिश ने घाटी के तापमान में गिरावट लाई थी, जिसके चलते समूची घाटी ठंड की चपेट में आ गई थी। हालांकि इस बीच मौसम शुष्क रहा, अलबत्ता ठंड का प्रकोप जारी रहा।

शनिवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली और उच्च पर्वतीय इलाकों में फिर से ताजा बर्फबारी, जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई।

हल्की बर्फबारी का सिलसिला रुक-रुककर जारी रहा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंथन टॉप, राजदान टॉप, अफरवट और साधना टॉप समेत घाटी के उच्च पर्वतीय इलाकों में तड़के शुरू हुआ हल्की बर्फबारी का सिलसिला दिनभर रुक-रुककर जारी रहा। ताजा बर्फबारी के चलते उक्त इलाके बर्फ की पतली चादर से ढक गए हैं।

इधर, श्रीनगर समेत घाटी के निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई। श्रीनगर में सुबह हल्की रिमझिम बारिश के बाद दिनभर मौसम शुष्क रहा। हालांकि, आसमान पर बादल छाए रहे। वहीं, अन्य निचले इलाकों में दिनभर रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी होती रही।

ताजा बर्फबारी और बारिश के चलते ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। शनिवार को भी लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और गर्मी देने वाले उपकरणों का सहारा लेते नजर आए।

कश्मीर में आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान घाटी में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, 31 अक्टूबर तक घाटी में मौसम शुष्क बना रहेगा और इस दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।