Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Gulmarg Tourism: पर्यटकों को भा रहा गुलमर्ग का प्राकृतिक सौंदर्य, बीते ढाई सालों में पहुंचे 31 लाख टूरिस्ट

    By Jagran NewsEdited By: Rajat Mourya
    Updated: Tue, 08 Aug 2023 09:17 PM (IST)

    देश विदेश के पर्यटकों को अब गुलमर्ग का प्राकृतिक सौंदर्य भा रहा है। बीते ढाई सालों में 31 लाख से अधिक टूरिस्ट गुलमर्ग पहुंचे हैं। गुलमर्ग में केबल कार ...और पढ़ें

    पर्यटकों को भा रहा गुलमर्ग का प्राकृतिक सौंदर्य, बीते ढाई सालों में पहुंचे 31 लाख टूरिस्ट
    पर्यटकों को भा रहा गुलमर्ग का प्राकृतिक सौंदर्य, बीते ढाई सालों में पहुंचे 31 लाख टूरिस्ट

    श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। आतंक और अलगाववाद की बेड़ियों से आजाद कश्मीर के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने आ रहे देशी-विदेशी सैलानियों को गुलमर्ग की वादियां लुभा रही हैं। समुद्रतल से करीब 2650 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुलमर्ग बीते तीन वर्ष के दौरान एक सदाबहार पर्यटन केंद्र के रूप में उभरा है। पहले यह सिर्फ गर्मियों में ही पर्यटकों से गुलजार होता था या फिर दिसंबर-जनवरी के दौरान स्कीईंग के शौकीन ही यहां नजर आते थे।

    गुलमर्ग में केबल कार, गोल्फ कोर्स, लैपर्ड वैली, शिव मंदिर और देवदार के पेड़ों से ढकी वादियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। सर्दियों में यहां दुनियाभर से हेली स्कीईंग के शौकीन आते हैं। यह उत्तरी भारत में बीते कुछ वर्षों के दौरान शीतकालीन खेलों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी उभरकर सामने आया है। बीते 2.5 वर्ष के दौरान गुलमर्ग में 31 लाख के करीब पर्यटक आ चुके हैं।

    किस साल कितने टूरिस्ट आए?

    पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 में गुलमर्ग में लगभग 98 हजार पर्यटक आए थे। पहली जनवरी 2021 से लेकर इस वर्ष जुलाई के अंत तक गुलमर्ग में 31 लाख पर्यटक आ चुके हैं। इनमें 5500 विदेशी पर्यटक हैं। मौजूदा वर्ष में गुलमर्ग में जुलाई के अंत तक 7.6 लाख पर्यटक आए हैं और इनमें सबसे ज्यादा जुलाई में लगभग 2.15 लाख पर्यटक आए हैं।

    इस वर्ष फरवरी में 92 हजार के करीब पर्यटक गुलमर्ग पहुंचे हैं जो मौजूदा वर्ष में अब तक किसी एक महीने में गुलमर्ग की सैर करने वाले पर्यटकों की सबसे कम संख्या है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में गुलमर्ग में 6,18,076 पर्यटक आए थे। इनमें से 2.5 लाख पर्यटक प्रदेश के विभिन्न शहरों और कस्बों से आए थे जबकि 3.6 लाख से ज्यादा पर्यटक देश के अन्य भागों से संबंध रखते थे।

    खबरें और भी

    'प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बढ़ी पर्यटकों की आमद'

    वहीं, साल 2021 में गुलमर्ग में सिर्फ 16 विदेशी पर्यटक आए थे। वर्ष 2022 में गुलमर्ग में 15 लाख पर्यटक आए थे। इनमें 10 लाख देश के अन्य राज्यों से और 4.8 लाख प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से थे। बीते वर्ष 3900 विदेशी पर्यटक गुलमर्ग की सैर करने आए थे। पर्यटन सचिव डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह ने कहा कि सिर्फ गुलमर्ग की बात नहीं है, बीते दो तीन वर्ष के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पर्यटकों की आमद बढ़ी है।

    उन्होंने बतायाकि प्रदेश प्रशासन ने गुलमर्ग समेत विभिन्न पर्यटनस्थलों पर जहां पर्यटकों के लिए विभिन्न ढांचागत सुविधाओं केा जुटाया है, वहीं देश-विदेश में हमने स्थानीय पर्यटन संबंधी रोड शो व सम्मेलन किए हैं, उनका असर भी है। देश-विदेश के लोग कश्मीर घूमने आना चाहते हैं, पहले यहां जो हालात थे, उनके कारण यहां लोग आने से बचते थे। अब हालात बदले हैं।