Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Jammu Kashmir Weather: कोहरे से हवाई व सड़क यातायात प्रभावित, आज होगी भारी बर्फबारी और बारिश; यलो अलर्ट जारी

    Updated: Sat, 04 Jan 2025 08:28 AM (IST)

    कश्मीर में हल्की बर्फबारी और कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। श्रीनगर समेत कई इलाकों में कोहरा छाया रहा जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और हव ...और पढ़ें

    सोनमार्ग में बर्फबारी का लुत्फ उठाते पर्यटक।
    सोनमार्ग में बर्फबारी का लुत्फ उठाते पर्यटक।

    HighLights

    1. कोकरनाग न्यूनतम पारा -5.5 के साथ कश्मीर का रहा ठंडा।
    2. बर्फ गिरने वाले क्षेत्रों में जाने से पूर्व ट्रैफिक पुलिस से करें संपर्क।

    जागरण टीम, श्रीनगर/जम्मू। कश्मीर के उच्च पर्वतीय इलाकों में जारी हल्की बर्फबारी के बीच शुक्रवार को श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में तो मौसम शुष्क रहा, लेकिन कोहरे ने लोगों की दिक्कतें जरूर बढ़ाई। दोपहर तक श्रीनगर समेत अधिकांश हिस्से कोहरे में लिपटे रहे।

    वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोहरे का असर दिखा। वाहन रेंगते नजर आए। श्रीनगर एयरपोर्ट पर विमानों का आवागमन दोपहर तक ठप रहा। कई उड़ानें रद करनी पड़ीं। मध्य रात्रि जम्मू भी कोहरे के आगोश में रहा।

    पर्यटनस्थल गुलमर्ग समेत उच्च पर्वतीय इलाकों में दूसरे दिन भी रुक-रुक कर बारिश के साथ हल्की बर्फबारी जारी रही। तमाम स्थानों पर तापमान जमाव बिंदू शून्य से नीचे रहा। कोकरनाग न्यूनतम तापमान -5.5 डिग्री के साथ कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। श्रीनगर समेत निचले इलाकों में मौसम शुष्क रहा। आसमान घने बादलों से ढका रहा। अधिकांश इलाके दोपहर तक कोहरे में लिपटे रहे।

    चालकों को कम दृश्यता के चलते गति धीमी करनी पड़ी। कोहरे का प्रभाव हवाई यातायात पर दोपहर तक पड़ा रहा। हवाई अड्डे के निदेशक जावेद अंजुम ने कहा कि दोपहर बाद रोशनी में सुधार होने के बाद विमानों का आवागम बहाल हो गया। सुबह पहली उड़ान 11:48 बजे श्रीनगर में उतरी। दोपहर बाद कोहरा छंटने के बाद आसमान घने बादलों से ढका रहा। प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्र के लोगों को हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

    खबरें और भी

    आज रात से वर्षा और बर्फबारी के आसार

    शनिवार देर रात से उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो रविवार देर रात तक जारी रहेगा। सोमवार से मौसम में सुधार होगा। सात से 10 जनवरी तक बादल छाए रहेंगे। शुष्क मौसम के साथ शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार 11-12 जनवरी को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे।

    कई उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। 13 से 15 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने पहाड़ी और बर्फ गिरने वाले क्षेत्रों में जाने वालों को सावधानी बरतने एवं घरों से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूप से संपर्क करके निकलने का सुझाव दिया है।

    बिना कार्य के भूस्खलन या बर्फ गिरने वाले क्षेत्रों की ओर जाने से परहेज करने के लिए कहा है। शुक्रवार को जम्मू में धूप खिली रही जिसके चलते अधिकतम तापमान फिर से 20 डिग्री से ऊपर आ गया है। कश्मीर में अधिकतर क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। जम्मू संभाग में न्यूनतम तापमान में उछाल आया है। जम्मू का अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री, न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रिकार्ड किया।

    बनिहाल का अधिकतम तापमान 14.6, न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री रहा। कटड़ा का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री, न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री दर्ज किया गया। कटड़ा सबसे गर्म रहा। भद्रवाह का न्यूनतम तापमान 2.3, अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री रहा।श्रीनगर का अधिकतम तापमान 2.5, न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री दर्ज किया गया।

    काजीगुंड का अधिकतम तापमान 6.0, न्यूनतम तापमान -7.3 की सेल्सियस रहा। पहलगाम का अधिकतम तापमान 4.8, न्यूनतम तापमान -4.6 डिग्री दर्ज किया गया। कश्मीर में न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से नीचे चल रहा है। जम्मू के अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। लगभग सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य चल रहा है।

    यह भी पढ़ें- Jammu Kashmir Weather: श्रीनगर समेत घाटी के निचले इलाकों में बर्फबारी, शीतलहर का प्रकोप जारी; कई ट्रेनें रद्द