जम्मू-कश्मीर विधानसभा के दूसरे दिन छुट्टी पर बवाल, महाराजा हरि सिंह-शेख अब्दुल्ला पर भिड़े विधायक; BJP का वॉकआउट
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में महाराजा हरि सिंह और शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की जयंती पर अवकाश को लेकर हंगामा हुआ। नेशनल कांफ्रेंस ...और पढ़ें

जयंती पर छुट्टी को लेकर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में घमासान।
HighLights
महाराजा हरि सिंह जयंती अवकाश रद्द न करने की मांग।
शेख अब्दुल्ला जयंती अवकाश बहाल करने की मांग उठी।
अवकाश मुद्दे पर भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के दूसरे दिन महाराजा हरि सिंह और शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की जयंती पर अवकाश के मुद्दे को लेकर सदन में हंगामा हो गया। नेशनल कांफ्रेंस और भाजपा विधायकों के बीच तीखी बहस हुई। वहीं आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला। इस दौरान भाजपा सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
सदन में चर्चा के दौरान भाजपा विधायक देवयानी राणा ने कहा कि महाराजा हरि सिंह के नाम पर घोषित अवकाश रद्द नहीं किया जाएगा। वहीं, नेशनल कांफ्रेंस के विधायक अब्दुल मजीद ने शेख अब्दुल्ला की जयंती पर रद्द किए गए अवकाश को दोबारा बहाल करने की मांग उठाई।

शेख अब्दुल्ला की जयंती पर छुट्टी बहाल करने की मांग
नेशनल कांफ्रेंस के विधायक नजीर गुरेजी ने शेख मोहम्मद अब्दुल्ला को जनता का लोकप्रिय नेता बताया। उन्होंने कहा कि शेख अब्दुल्ला ने भूमि सुधार लागू किए थे। इस मुद्दे पर नेशनल कांफ्रेंस और भाजपा विधायकों के बीच बहस तेज हो गई।
भाजपा का वॉकआउट
अवकाश के मुद्दे पर हंगामे के बीच भाजपा सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके जवाब में नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों ने 'चंदा चोर असेंबली छोड़' के नारे लगाए।
सत्र का पहला दिन भी हंगामेदार रहा
जम्मू-कश्मीर विधानसभा के शरदकालीन सत्र के पहले दिन वर्षों पुरानी परंपरा बदली गई, जहां श्रद्धांजलि के बाद भी विधायी कामकाज जारी रहा। इसके बाद भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के सदस्यों के बीच तीखा राजनीतिक टकराव और हंगामा देखने को मिला। हंगामे के बीच भाजपा विधायक वेल में धरने पर बैठ गए, यही नहीं एक विधायक विरोध में लेट गए और कांग्रेस विधायक हाफिज लोन और निर्दलीय शब्बीर कूले की भाजपा सदस्यों के साथ हाथापाई की नौबत आ गई।
30 सितंबर तक चलेगा सत्र
जम्मू-कश्मीर विधानसभा का सत्र 21 सितंबर से शुरू हो चुका है। आज इसका दूसरा दिन है। 23 सितंबर को महाराजा हरि सिंह जयंती, 26 सितंबर को अवकाश और 27 सितंबर को रविवार के चलते सदन की बैठक नहीं होगी। यह सत्र 30 सितंबर तक चलेगा।
