जम्मू-कश्मीर बैंक में नौकरी का सुनहरा मौका, असिस्टेंट-ऑफिसर पदों पर होगी भर्ती; जारी होगा नोटिफिकेशन
जम्मू-कश्मीर बैंक जल्द ही बैंकिंग असिस्टेंट और ऑफिसर्स के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करेगा, जो 2021 के बाद पहली बार होगा।

5 साल बाद J&K बैंक में बंपर भर्ती।
HighLights
जेएंडके बैंक में असिस्टेंट और ऑफिसर पदों पर भर्ती
2021 के बाद पहली बार शुरू होगी यह भर्ती प्रक्रिया
परीक्षा एजेंसी से करार पूरा, अधिसूचना जल्द जारी होगी
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बैंक जल्द ही बैंकिंग असिस्टेंट और ऑफिसर्स के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने जा रहा है।
खास बात यह है कि वर्ष 2021 के बाद बैंक पहली बार इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। बैंक के प्रबंधन के अनुसार भर्ती को लेकर परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के साथ बातचीत पूरी हो चुकी है और समझौते पर हस्ताक्षर भी कर दिए गए हैं।
मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ ने शेयर की जानकारी
जम्मू-कश्मीर बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अमितावा चटर्जी ने मंगलवार को श्रीनगर स्थित एसकेआइसीसी में आयोजित बैंक की 88वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के दौरान भर्ती को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए बैंक जल्द भर्ती अधिसूचना जारी करेगा।
अमितावा चटर्जी ने कहा कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के साथ बातचीत और समझौते की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब बैंक की ओर से भर्ती अधिसूचना जारी करने की तैयारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले कुछ दिनों में भर्ती का नोटिफिकेशन सामने आ सकता है।
इस भर्ती में बैंकिंग असिस्टेंट और ऑफिसर्स, दोनों स्तर के पद शामिल होंगे। हालांकि, पदों की सटीक संख्या, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न और आवेदन की अंतिम तारीख जैसी विस्तृत जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पर रहेगा फोकस
बैंक की प्रस्तावित भर्ती जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में उसकी मानव संसाधन जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। 2021 के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए नए अवसर खुलेंगे।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलावा देश के अन्य हिस्सों में भर्ती को लेकर चटर्जी ने बताया कि बैंक मोटे तौर पर अपनी पुरानी प्रक्रिया का पालन करेगा। बैंक की 22 राज्यों में मौजूदगी है और वहां ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए स्थानीय भाषाओं में दक्ष कर्मचारियों की जरूरत रहती है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में बैंक इन राज्यों में जरूरत के मुताबिक सीमित संख्या में कर्मचारियों की भर्ती कर सकता है, खासकर स्थानीय भाषा की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में 51 हजार कैंसर मरीज, सरकार ने तेज की जांच और उपचार की मुहिम
