विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अवैध वसूली-टैक्स पर विवाद सुलझा, कश्मीर पशुधन कारोबारियों की हड़ताल खत्म, CM उमर के पत्र के बाद पंजाब का एक्शन

By Digital Desk Edited By: Rahul Sharma
Published: Fri, 03 Jul 2026 12:08 PM (IST)

कश्मीर में मटन कारोबारियों की हड़ताल पंजाब सरकार के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गई है, जिससे घाटी में गोश्त ...और पढ़ें

दिल्ली-हरियाणा से आने वाले पशुधन ट्रकों को राहत, पंजाब में रुकी अवैध वसूली तो कश्मीर में टूटी हड़ताल।

दिल्ली-हरियाणा से आने वाले पशुधन ट्रकों को राहत, पंजाब में रुकी अवैध वसूली तो कश्मीर में टूटी हड़ताल।

HighLights

  1. कश्मीर में मटन कारोबारियों की हड़ताल समाप्त हुई।

  2. पंजाब सरकार ने पशुधन वाहनों को न रोकने के निर्देश दिए।

  3. घाटी में मटन की आपूर्ति बहाल, संकट टला।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में मटन कारोबारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है। इसके साथ ही घाटी में चल रहा गोश्त का संकट भी दूर हो गया है। मटन व्यापारियों के अनुसार, पंजाब सरकार ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पशुधन से लदे वाहनों को चेकपोस्ट पर न रोका जाए।

आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान से आयात किए जाने वाले भेड़-बकरी से लदे ट्रकों को पंजाब में कई जगहों पर कथित तौर पर अवैध वसूली का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा पंजाब सरकार ने इन ट्रकों पर टैक्स भी बढ़ा दिया था। इससे परेशान जम्मू-कश्मीर की मटन डीलर्स एसोसिएशन ने गोश्त के लिए पशुधन का आयात रोक दिया था। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवैध टैक्स वसूली रोकने को कहा था।

मटन डीलर्स एसोसिएशन (केएमडीए) के महासचिव मेहराज-उद-दीन ने बताया कि एसोसिएशन को सूचित किया गया है कि पंजाब सरकार ने पुलिस को पशुधन वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न डालने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, 'हमने हड़ताल समाप्त करने का फैसला किया है। हमें बताया गया है कि पंजाब पुलिस को हमारे वाहनों को चेकपोस्ट पर नहीं रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पशुधन मंडियों को भी आपूर्ति बहाल करने के लिए कहा गया है।'

लिखित आदेश का इंतजार कर रहे व्यापारी

हालांकि, मेहराज-उद-दीन ने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन अब भी पंजाब सरकार के औपचारिक लिखित आदेश का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा, 'लिखित आदेश मिलने के बाद हम जमीनी स्थिति की समीक्षा करेंगे और देखेंगे कि निर्देशों का पूरी तरह पालन हो रहा है या नहीं।' उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में पंजाब से जम्मू-कश्मीर के लिए पशुधन की आवाजाही सामान्य रूप से फिर शुरू हो जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से जारी इस हड़ताल के कारण पंजाब से जम्मू-कश्मीर में भेड़ों की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। इससे विशेष रूप से विवाह सीजन के दौरान कश्मीर में मटन की संभावित कमी को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं।

इस मामले में सरकार स्तर पर भी हस्तक्षेप किया गया था। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि उन्होंने इस मुद्दे को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के समक्ष उठाया है और जम्मू-कश्मीर के पशुधन कारोबारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को 'अनुचित' बताया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।