विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jammu: 'अब इक्का-दुक्का आतंकी ही बचे हैं', बोले LG सिन्हा; जम्मू-कश्मीर को राज्य बनाने पर दिया बड़ा अपडेट

By naveen sharmaEdited By: Prince Sharma
Published: Tue, 05 Sep 2023 06:30 AM (IST)

Jammu Kashmir News उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा मिलेगा लेकिन विधानसभा ...और पढ़ें

Jammu: 'अब इक्का-दुक्का आतंकी ही बचे हैं', बोले LG सिन्हा; जम्मू-कश्मीर को राज्य बनाने पर दिया बड़ा अपडेट
Jammu: 'अब इक्का-दुक्का आतंकी ही बचे हैं', बोले LG सिन्हा; जम्मू-कश्मीर को राज्य बनाने पर दिया बड़ा अपडेट

HighLights

  1. जल्द ही हम जम्मू कश्मीर में पंचायत चुनाव कराने जा रहे
  2. 370 निरस्त किए जाने के बाद आतंकवाद लगभग समाप्त

श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा मिलेगा, लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा प्रदान करना तीन स्तरीय प्रक्रिया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने संसद में कहा है कि जम्मू कश्मीर में पहले परिसीमन होगा, फिर विधानसभा चुनाव होंगे और उसके बाद जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा।

अंतिम फैसला देश का चुनाव आयोग करेगा।

मुंबई में पत्रकारों के साथ बातचीत में उपराज्यपाल ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मतदाता सूचियां भी तैयार हैं और जल्द ही हम जम्मू कश्मीर में पंचायत चुनाव कराने जा रहे हैं। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने का अंतिम फैसला देश का चुनाव आयोग करेगा।

संसद में किए गए वादे को पूरा किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद जम्मू कश्मीर में आतंकवाद और अलगाववाद लगभग समाप्त हो गया है। पत्थरबाजी और हड़ताल बंद हो चुकी है। अब श्रीनगर में दुकानें रात 11 बजे तक खुली रहती हैं।

लोग निर्भय होकर देर रात गए तक घूमते हैं। कश्मीरी हिंदुओं, सिखों और कुछ गैर कश्मीरियों पर आतंकी हमले की कुछ घटनाएं हुई हैं, लेकिन हमने न सिर्फ हमलावरों को तलाश किया बल्कि उन्हें मदद करने वाले तत्वों को भी पकड़ा और सभी को कानून के मुताबिक दंड मिले, यह सुनिश्चित किया।

अधिकांश आतंकी मारे जा चुके हैं। अब इक्का-दुक्का आतंकी ही बचे हैं। कश्मीर में 34 वर्ष बाद परंपरागत मार्ग से मुहर्रम का जुलूस निकला है।

हम शांति खरीदने में नहीं बहाल करने में यकीन रखते हैं: उपराज्यपाल

उपराज्यपाल ने कहा कि मेरी माटी मेरा देश अभियान में जम्मू कश्मीर पहले स्थान पर रहा है। आज कश्मीर में हर जगह तिरंगा लहराता है। जीएसटी में 300 प्रतिशित प्रोत्साहन है। हमारी कर वसूली 34 प्रतिशत बढ़ चुकी है। करीब 300 फिल्मों की शूटिंग प्रदेश में हो चुकी है। पांच सरकारी और एक निजी सिनेमाहाल खुल चुका है। खेल गतिविधियों में 60 लाख युवाओं ने हिस्सा लिया है। हम शांति खरीदने में नहीं बहाल करने में यकीन रखते हैं।

श्रीनगर से कन्याकुमारी तक रेल यात्रा जल्द: उपराज्यपाल

उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जम्मू कश्मीर को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं। वह श्रीनगर को दुनिया का एक नया दावोस बनाना चाहते हैं और हम इसी दिशा में काम कर रहे हैं। कश्मीर में सुधरते हालात के बीच निवेश भी बढ़ रहा है। लगभग 78 हजार करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। हमने उद्योगों के लिए एक लैंड बैंक तैयार किया है। बीते वर्ष प्रदेश में 1.87 पर्यटक आए थे।

इस वर्ष पर्यटकों की संख्या में अब तक 59 प्रतिशत बढ़ोतरी देखी गई है। जम्मू कश्मीर की 70 प्रतिशत आबादी कृषि व संबंधित गतिविधियों पर निर्भर है। इस वर्ष यहां सरसों की बंपर फसल पैदा हुई है। जम्मू कश्मीर में अब चारे की किल्लत नहीं है। श्रीनगर से कन्याकुमारी तक रेल यात्रा भी जल्द वास्तविकता बनने जा रही है।

विस्थापित कश्मीरी हिंदुओं को 800 घर बनाकर दिए: उपराज्यपाल

विस्थापित कश्मीरी हिंदुओं की कश्मीर वापसी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू हुई थी। उन्होंने विस्थापित कश्मीरी हिंदुओं के लिए तीन हजार घर बनाने का एलान किया था, लेकिन सिर्फ 698 घर ही बन पाए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छह हजार घर बनाने का लक्ष्य रखा और उनमें से 800 बनाकर संबंधित लोगों में बांटे गए हैं। हमने विस्थापित कश्मीरी हिंदुओं के लिए विभिन्न सरकारी विभागों में तीन हजार पदों को भी भर दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।