विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हाथ धोने कमरे से बाहर निकले मजदूर पर आतंकी ने चलाई गोली, जम्मू-कश्मीर में दूसरे राज्यों के श्रमिकों पर हमले तेज

Published: Fri, 25 Oct 2024 08:39 AM (IST)

कश्मीर में पिछले कुछ दिनों में दूसरे राज्यों से रोजी-रोटी कमाने आए श्रमिकों पर आतंकी हमले लगातार बढ़ रहे हैं। ...और पढ़ें

पुलवामा में आतंकियों ने श्रमिक को मारी गोली।
पुलवामा में आतंकियों ने श्रमिक को मारी गोली।

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर में दूसरे राज्यों के श्रमिकों पर हमले बढ़े
  2. आतंकियों ने अब पुलवामा में श्रमिक को मारी गोली
  3. पिछले एक सप्ताह में दूसरे राज्यों के मजदूरों पर ये तीसरा हमला

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में रोजी रोटी कमाने पहुंचे दूसरे राज्यों के श्रमिकों पर पिछले कुछ दिनों में आतंकी हमले लगातार बढ़े हैं।

दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र में गुरुवार सुबह आतंकियों ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले एक श्रमिक को गोली मार दी।

सौभाग्यवश वह बच गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टारगेट किलिंग के अपने मंसूबे नाकाम होते देख आतंकी वहां से भाग निकले।

एक सप्ताह में ये तीसरा हमला

पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रखा है। बीते एक सप्ताह में कश्मीर में दूसरे राज्यों के लोगों पर यह तीसरा आतंकी हमला है। इससे पहले 18 अक्टूबर को आतंकियों ने शोपियां में बिहार निवासी अशोक चौहान की हत्या कर दी थी।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में सुरक्षाबलों के वाहन पर आतंकी हमला, दो जवान शहीद; 2 मजदूरों की भी मौत

इसके बाद 20 अक्टूबर को गांदरबल के गगनगीर में जेड मोड़ सुरंग निर्माण परियोजना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के शिविर पर हमला किया था।

मुंह-हाथ धोने के लिए कमरे से निकला था बाहर

त्राल के बटपोरा में गुरुवार सुबह आतंकी हमले का निशाना बना शुभम कुमार उत्तर प्रदेश में बिजनौर का रहने वाला है।

आतंकियों ने उसे नजदीक से गोली मारी। गोली उसके दाएं हाथ में लगी और इसके बाद आतंकी वहां से भाग निकले। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने शुभम के हवाले से बताया कि वह सुबह करीब सवा छह बजे मुंह-हाथ धोने के लिए अपने कमरे से बाहर निकला था।

स्नानगृह से जैसे ही वह वापस अपने कमरे में जाने लगा एक आतंकी आया और उसने उस पर गोली चला दी। गोली की आवाज से वहां मौजूद अन्य लोग भी बाहर निकले।

बढ़ा दी गई इलाके की सुरक्षा व्यवस्था

उन्होंने शुभम के ठेकेदार को कॉल किया और उसे अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल का पुलिस के एक दल ने जायजा लिया है। पूरे इलाके को घेरते हुए तलाशी अभियान भी चलाया गया।

बटपोरा और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले कुछ संदिग्ध तत्वों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके साथ ही बटपोरा और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले दूसरे राज्यों के सभी श्रमिकों व अन्य लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत बनाए रखने के लिए सुरक्षाबल की गश्त बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें- गांदरबल आतंकी हमले की जिम्मेदारी TRF ने ली, मजदूरों के कैंप को निशाना बनाने का कारण भी बताया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।