विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Train To Kashmir: 28 साल का सपना सच... वादियों में गूंजी वंदे भारत की छुक-छुक; माइनस में तापमान फिर भी नहीं थमे पहिये

Published: Sat, 25 Jan 2025 05:42 PM (IST)

श्रीनगर में वंदे भारत एक्सप्रेस के आगमन से लोगों में उत्साह का माहौल है। यह नई रेल सेवा घाटी के ...और पढ़ें

Train To Kashmir: घाटी में वंदे भारत की खुशहाल सीटी, लोगों ने किया स्वागत।
Train To Kashmir: घाटी में वंदे भारत की खुशहाल सीटी, लोगों ने किया स्वागत।

HighLights

  1. श्रीनगर की फिजाओं में गूंजी वंदेभारत की खुशहाल सीटी।
  2. पर्यटन, फ्रूट, बागबानी तथा होटल उद्योग को मिलेगी नई दिशा।
  3. लोग बोले- अब दिल्ली दूर नहीं, ट्रेन से कर सकते हैं सफर।

रजिया नूर, श्रीनगर। श्रीनगर में शुक्रवार 25 जनवरी की एक ठंडी सुबह, समय 10 बजे। आसमान पर उगे सूरज की कमजोर धूप वातावरण में गर्माहट पैदा करने की नाकाम सी कोशिशों में जुटी रही। श्रीनगर में पारा जमाव बिंदु से -4.1 डिग्री नीचे गिर जाने के चलते कड़ाके की ठंड।

लेकिन इस भीषण ठंड के बावजूद माहौल में आज एक खास उत्साह व गर्माहट देखने को मिल रही है। कड़ाके की ठंड के बावजूद शहर के नौगाम रेलवे स्टेशन पर मामूली से ज्यादा रौनक देखने को मिल रही है। रोजाना की तरह स्टेशन पर आज भी लोगों की भीड़ जुटी हुई है।

लेकिन इस भीड़ में ज्यादातर वे लोग शामिल हैं, जो बनिहाल-बारामूला रेल के लिए नहीं, बल्कि वंदेभारत ट्रेन के स्वागत के लिए खड़े हैं। सूर्योदय से पहले ही स्टेशन पर भीड़ उमड़ आई, ताकि अपनी आंखों से देख सके कि अब दिल्ली दूर नहीं है।

हाथ हिलाकर किया स्वागत

सुबह 11:30 मिनट पर जैसे ही वंदेभारत रेल की छुक-छुक श्रीनगर की फिजाओं में गूंजने लगी तो माहौल में उत्साह से भर गया। ट्रेन के स्वागत के लिए जमा लोगों ने दूर से ही हाथ हिला-हिला कर अपने सपनों की इस रेलगाड़ी का स्वागत किया। उत्साहित लोगों ने अधिकारियों को माला पहनाकर अपने प्यार का इजहार किया।

केंद्र की घोषणा के साथ ही लोगों का इतंजार शुरू हो गया था। घाटी में विकास व प्रगित का एक नया दौर शुरू हो जाएगा। इस सेवा से न केवल देश व दुनिया के अन्य हिस्सों तक पहुंचने के लिए सफर आसान होगा, बल्कि पर्यटन, फ्रूट, बागबानी तथा होटल उद्योग को भी एक नई दिशा मिलेगी।

यह भी पढ़ें- Photos: इतिहास में पहली बार... पहाड़ों पर बने सबसे ऊंचे पुल पर वंदे भारत, कश्मीर तक रेल का सपना हुआ सच

दिल्ली का सफर रेल से तय कर सकते हैं

रेल के स्वागत के लिए वहां आए लोग सेवा शुरू होने को लेकर काफी उत्साहित थे। स्टेशन के ठंडे बैंच पर गर्म चाय की चुस्कियां ले रहे एक युवक ने कहा कि मैं हमेशा चाहता था कि हमारे कश्मीर में देश के दूसरे हिस्सों की तरह रेल नेटवर्क मजबूत हों।

हमारे पास एक ही रेल सेवा थी और वह बानिहाल तक ही सीमित थी। दिल्ली व देश के दूसरे हिस्सों में जाने के लिए हमें जम्मू से ही रेल पकड़नी पड़ती थी। लेकिन शुक्र है कि अब हम भी यहां से सीधे दिल्ली का सफर रेल से तय कर सकते हैं।

टूरिज्म से जुड़े लोगों को मिलेगा फायदा

रेल सेवा शुरू होने पर अपनी खुशी का इजहार करते हुए जावेद अंद्राबी नामक एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि यह हमारे कश्मीर के लिए शुभ दिन है। यह रेल सेवा हमारी तरक्की की रफ्तार को और ज्यादा बढ़ाएगी। हमारी इकोनॉमी और ज्यादा मजबूत होगी।

सबसे बड़ी बात सफर महंगा होने के चलते जो टूरिस्ट हमारी इस जन्नत की सैर नहीं कर पाते थे। अब वह भी इस ट्रेन के जरिए बहुत कम किराए पर यहां के नजारों का लुत्फ उठा सकते हैं। हमारे टूरिज्म से जुड़े लोगों को भी फायदा मिलेगा।

यह भी पढ़ें- Video: दुनिया के सबसे ऊंचे पुल से होकर कश्मीर पहुंची वंदे भारत, ट्रेन का ट्रायल सफल

ट्रायल सफल, लोगों में जबरदस्त उत्साह

श्रीनगर नौगाम रेलवे स्टेशन पर रुकने के बाद बड़गाम रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के साथ ही दिल्ली-कश्मीर वंदे भारत रेल सेवा का अंतिम ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

इससे पूर्व शुक्रवार को ट्रायल रन के लिए जम्मू के कटड़ा स्टेशन पर पहुंची थी और वहां ट्रायल सफलतापूर्वक मुकम्मल करने के बाद आज यानी शनिवार तड़के 9 बजे कटड़ा से श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी।

संबंधित अधिकारियों के अनुसार ट्रायल सफल रहा और हरी झंडी मिलते ही यह सेवा औपचारिक तौर पर लोगों को समर्पित की जाएगी। इस सेवा के माध्यम से दिल्ली से कश्मीर का सफर मात्र 13 घंटों में तय हो जाएगा और यात्री सस्ते किराया दरों पर हर आधुनिक सुविधा से लैस इस रेल के माध्यम से दिल्ली से श्रीनगर पहुंच सकेंगे।

यह भी पढ़ें- Kashmir Vande Bharat Fare: कश्मीर पहुंची वंदे भारत, फ्लाइट से सस्ता है टिकट; कितना है दोनों के किराये में फर्क?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।