जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तालाब बनी सड़क, सुंगल टनल बंद होने से और बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क की हालत खराब हो गई है, जिससे गड्ढों में पानी भर गया है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ...और पढ़ें

3. जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग के भांवला-कालीधार क्षेत्र में सड़क के बीच बने गहरे गड्ढों में भरा वर्षा का पानी। — जागरण,
HighLights
जम्मू-पुंछ हाईवे पर बारिश से सड़क की हालत खराब
गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा
सुंगल टनल बंद, पुराने मार्ग की मरम्मत की मांग
जागरण संवाददाता, उधमपुर। लगातार हो रही बारिश के कारण जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग के भांवला-कालीधार क्षेत्र में सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें वर्षा का पानी भर जाने से पूरा मार्ग तालाब जैसा दिखाई देने लगा है। पानी से भरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को सड़क का वास्तविक स्वरूप नजर नहीं आता, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और छोटे वाहनों को इस मार्ग से गुजरने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भांवला के पूर्व सरपंच अनिल कुमार शर्मा का कहना है कि सुंगल टनल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक इस टनल से वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं की गई है।
ऐसे में सभी वाहनों को पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग का ही सहारा लेना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि टनल को फिलहाल यातायात के लिए नहीं खोला जा रहा है तो कम से कम पुराने मार्ग की समय रहते मरम्मत कराई जानी चाहिए। उनका आरोप है कि सड़क की देखरेख करने वाली ग्रेफ (जीआरईएफ) द्वारा गड्ढों को भरने या सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
बरसात के दौरान पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन अचानक झटके खाते हैं और कई बार दुर्घटना होने की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग जम्मू और पुंछ को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिस पर प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की खराब स्थिति पर संबंधित विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है। लोगों ने प्रशासन और ग्रेफ से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए तथा सुंगल टनल को जल्द यातायात के लिए खोलने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।
फोटो कैप्शन: